रोहतास: काराकाट में सड़क किनारे मिला रिटायर्ड आर्मी जवान का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Updated:
विज्ञापन

सेवानिवृत्त सेना जवान की फाइल फोटो

रोहतास के काराकाट में एक रिटायर्ड आर्मी जवान दीपक कुमार का शव सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गहन जांच की मांग की है.

विज्ञापन

Retired Soldier Suspicious Death: काराकाट थाना क्षेत्र के मोथा गांव के समीप बिक्रमगंज-नासरीगंज एनएच-120 के किनारे शनिवार देर रात एक अज्ञात शव मिलने से हड़कंप मच गया. बाद में शव की पहचान बुढ़वल गांव निवासी स्व. संत प्रसाद सिंह के 45 वर्षीय पुत्र और सेवानिवृत्त आर्मी जवान दीपक कुमार के रूप में हुई. घटना की सूचना मिलते ही काराकाट पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल की टीम को बुलाकर जांच शुरू कराई.

घर से निकले थे दीपक कुमार, सड़क किनारे मिला शव

परिजनों के अनुसार दीपक कुमार बिक्रमगंज में पेट्रोल पंप के पीछे बने मकान में अपने परिवार के साथ रहते थे. शनिवार रात वह घर से निकले थे. इसी दौरान मोथा के पास सड़क किनारे उनका शव संदिग्ध अवस्था में मिला. सूचना मिलने पर बुढ़वल गांव से उनके बड़े भाई अशोक सिंह समेत अन्य परिजन देर रात मौके पर पहुंचे. शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई.

जेब से सल्फास की गोली मिलने की बात

काराकाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि प्रारंभ में शव की पहचान नहीं हो सकी थी. एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए. जांच के दौरान मृतक की जेब से सल्फास की गोली मिलने की बात सामने आई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी.

भाई ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के बड़े भाई अशोक सिंह ने हत्या की आशंका जताई है. उनका कहना है कि दीपक सेना में सेवा दे चुके थे और करीब दो-तीन वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे. उन्होंने आत्महत्या की आशंका से इनकार करते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है. परिजनों ने आशंका जताई है कि दीपक को सल्फास खिलाकर मारने के बाद शव सड़क किनारे फेंका गया हो सकता है. हालांकि, पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा.

2002 के आसपास सेना में हुए थे भर्ती

परिजनों ने बताया कि दीपक कुमार वर्ष 2002 के आसपास सेना में भर्ती हुए थे. करीब दो-तीन वर्ष पूर्व वे सेवानिवृत्त हुए थे. वर्ष 2008 में उनकी शादी हुई थी. उनका करीब 15 वर्षीय इकलौता पुत्र आदर्श कुमार है. पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. मामले की जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Ashok Kr Singh

लेखक के बारे में

By Ashok Kr Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन