सासाराम में गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर सजा दिव्य दरबार, अखंड पाठ का भोग, कीर्तन और गुरु के लंगर में उमड़ी संगत

प्रतिभागी को सम्मानित करते गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य | Prabhat Khabar Network
सासाराम के गुरुद्वारा श्री बाबा निहंग नारायण सिंह में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाशोत्सव धूमधाम से मनाया गया। संगत ने कीर्तन और लंगर का आनंद लिया।
Rohtas News : सासाराम शहर के सागर मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा श्री बाबा निहंग नारायण सिंह (गुरु के बाग) में रविवार को दशम पातशाही धन-धन श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाशोत्सव के शुकराना तथा बाबा निहंग नारायण सिंह जी की पावन स्मृति में श्री अखंड पाठ साहिब का भोग श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगत ने गुरु चरणों में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया.
गुरबाणी और शब्द-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
कार्यक्रम में भाई साहिब कस्तूरी सिंह रागी जत्थे ने गुरबाणी और शब्द-कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया. वक्ताओं ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के त्याग, बलिदान और समाज सुधार के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया तथा समाज से जात-पात और भेदभाव मिटाने का आह्वान किया.
प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और प्रकाशोत्सव समिति की ओर से कार्यक्रम में सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. साथ ही गुरमत एवं क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया.
गुरु के अटूट लंगर में शामिल हुई संगत
धार्मिक आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया. समारोह में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार मानिक सिंह, प्रकाशोत्सव समिति के प्रधान सरदार मनमोहन सिंह, व्यापार मंडल के अमित आर्य, नगर पूजा समिति के अशोक सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य और श्रद्धालु संगत मौजूद रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










