रोहतास: गुप्ताधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, सावन के चौथे दिन 30 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सावन के चौथे दिन रोहतास के गुप्ताधाम में आस्था का अद्भुत नजारा दिखा. कैमूर की वादियों में "हर-हर महादेव" के जयघोष गूंज उठे, जहाँ 25-30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक किया. प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं.
Sasaram Guptadham: सावन माह के चौथे दिन शनिवार को रोहतास जिले के प्रसिद्ध गुप्ताधाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. कैमूर की मनोरम वादियां, घने जंगल और पहाड़ियां पूरे दिन "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंजती रहीं. तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं का गुप्ताधाम पहुंचना शुरू हो गया और दिन चढ़ने के साथ गुफा के प्रवेश द्वार पर लंबी कतार लग गई.
अनुमान के अनुसार 25 से 30 हजार से अधिक कांवरियों और श्रद्धालुओं ने स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की तथा परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि की कामना की.
दो प्रमुख मार्गों से लगातार पहुंच रहे श्रद्धालु
उत्तर प्रदेश, झारखंड और अन्य राज्यों से आने वाले अधिकांश कांवरिये कुदरा रेलवे स्टेशन से चेनारी-उगहनी मार्ग के रास्ते गुप्ताधाम पहुंच रहे हैं. वहीं सासाराम, कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद तथा आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु आलमपुर-मां पनियारी देवी मार्ग का उपयोग कर रहे हैं.
दोनों मार्गों पर सुबह से देर शाम तक कांवरियों की आवाजाही बनी रही. श्रद्धालु अपने वाहन उगहनी घाट और पनियारी घाट के समीप खड़े कर कई किलोमीटर की पहाड़ी यात्रा पैदल तय कर बाबा भोलेनाथ के दरबार तक पहुंच रहे हैं. इस कठिन यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली.
प्रशासन और विकास समिति ने की व्यापक व्यवस्था
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और गुप्ताधाम विकास समिति ने व्यापक इंतजाम किए हैं. विकास समिति के अध्यक्ष गोपाल सिंह खरवार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है.
गुफा परिसर में बैरिकेडिंग, पेयजल, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, गुफा के भीतर रबर मैट, स्वास्थ्य शिविर, ऑक्सीजन, प्राथमिक उपचार और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था की गई है. सुरक्षा के लिए पुलिस बल और वन विभाग के कर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि नगर पंचायत चेनारी द्वारा पूरे परिसर में साफ-सफाई की जिम्मेदारी निभाई जा रही है.
उमस और तेज धूप के बावजूद नहीं डिगी श्रद्धालुओं की आस्था
सावन के चौथे दिन तेज धूप और उमस श्रद्धालुओं के लिए चुनौती बनी रही. इसके बावजूद शिवभक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी. जंगल, पहाड़ और नदी पार कर श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दरबार तक पहुंचे और श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया.
धाम परिसर में उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं पर अधिकांश श्रद्धालुओं ने संतोष व्यक्त किया. गुप्ताधाम विकास समिति के अनुसार अभी मौसम की वजह से श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत नियंत्रित है, लेकिन सावन के आगामी सोमवार और अन्य महत्वपूर्ण तिथियों पर श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना वृद्धि होने की संभावना है. इसे देखते हुए प्रशासन और समिति ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
इसे भी पढ़ें: Bihar New Rail Line: बिहार में 976 करोड़ से बिछेंगी 4 नई रेल लाइनें, पटना समेत इन रूटों पर रोज चलेंगी 22 नई ट्रेनें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










