डेहरी नगर परिषद के EO की औरंगाबाद में हत्या, पटना कैनाल नहर के पास बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

Updated:
विज्ञापन

विमल कुमार की फाइल फोटो

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

रोहतास के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की निर्मम हत्या. औरंगाबाद के बारुण थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम, जांच जारी.

विज्ञापन

Dehri Nagar Parishad EO Murder : औरंगाबाद में शनिवार रात एक सनसनीखेज घटना हुई, जिसमें डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी बिमल कुमार की हत्या कर दी गई. घटना बारुण थाना क्षेत्र स्थित पटना कैनाल नहर मार्ग पर हुई, जहां सुनसान इलाके में उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को निशाना बनाया गया. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी बिमल कुमार रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर के थे. इस वारदात के बाद से दोनों जिलों के प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.

विज्ञापन

कार्यक्रम से पटना लौट रहे थे

जानकारी के अनुसार, विमल कुमार डेहरी में आयोजित "एक शाम शहीदों के नाम" कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पटना लौट रहे थे. इसी दौरान बारुण-दाउदनगर नहर रोड पर बारुण थाना क्षेत्र के लख डिहरा गांव के पास बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पहले वाहन को घेरा और विरोध करने पर कार्यपालक पदाधिकारी पर हमला कर दिया. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

View on Instagram

गंभीर हालत में उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई.

चालक ने दी सूचना, मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि

घटना के बाद चालक मिथलेश कुमार ने किसी तरह मोबाइल से नगर परिषद कार्यालय के कर्मियों को सूचना दी. सूचना मिलते ही डेहरी नगर परिषद के अध्यक्ष, पार्षद और स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. इस बीच घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी गई.

सुनसान इलाके में वारदात, कई सवाल खड़े

जिस स्थान पर घटना हुई, वह इलाका काफी सुनसान बताया जा रहा है. ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या अपराधियों ने पहले से घात लगाकर इस वारदात को अंजाम दिया या फिर मामला कुछ और है. स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं और मामले को बेहद संदिग्ध माना जा रहा है.

वरीय अधिकारी पहुंचे, जांच तेज

घटना की जानकारी मिलते ही औरंगाबाद के एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा, रोहतास के डीएम दीपक मिश्रा और एसपी रौशन कुमार समेत अन्य अधिकारी जमुहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. दोनों जिलों की पुलिस टीम मिलकर हर एंगल से जांच में जुट गई है.

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है. उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा. फिलहाल हत्या और दुर्घटना दोनों एंगल पर जांच की जा रही है.

चालक से सघन पूछताछ

इस मामले में चालक मिथलेश कुमार से भी पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि घटना के दौरान चालक को कोई चोट नहीं आई, जिस कारण पुलिस उससे गहराई से सवाल कर रही है. यह भी सामने आया है कि घटना के वक्त चालक वाहन छोड़कर मौके से हट गया था, जिसे लेकर संदेह और गहरा गया है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन