चेनारी में गुप्ता धाम जा रहे कांवरियों की बाइक हादसे का शिकार, कुत्ते को बचाने में फिसली बाइक, दो श्रद्धालु घायल

समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी में घायल को इलाज करते स्वस्थ्यकर्मी
गुप्ता धाम जा रहे श्रद्धालुओं की बाइक अचानक सामने आए कुत्ते के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चेनारी में घायलों का इलाज जारी है, सभी सुरक्षित हैं।
Sasaram News : चेनारी थाना क्षेत्र में सावन माह के दौरान गुप्ता धाम जा रहे श्रद्धालुओं के साथ गुरुवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया. करीब 8:30 बजे वीर नगरगांव के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसमें सवार दो कांवरिया घायल हो गए. बताया जा रहा है कि सड़क पार कर रहे एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में यह दुर्घटना हुई. हालांकि स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे स्थिति नियंत्रण में रही.
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के कछवा रोड गांव निवासी दो श्रद्धालु बाइक से गुप्ता धाम जलाभिषेक के लिए जा रहे थे. इसी दौरान चेनारी थाना क्षेत्र के वीरनगर गांव के पास पेट्रोल पंप के समीप अचानक एक कुत्ता सड़क पार करने लगा. बाइक चला रहे युवक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी प्रयास में संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर फिसल गई.
दोनों श्रद्धालुओं को आई चोटें
इस हादसे में बाइक सवार भोला गुप्ता, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता श्रवण गुप्ता और कैलाश नाथ गुप्ता, उम्र लगभग 45 वर्ष, पिता पिंटू गुप्ता घायल हो गए. दोनों को हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं. दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए.
स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देर किए एंबुलेंस बुलवाई और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चेनारी पहुंचाया. ग्रामीणों की तेजी से की गई मदद के कारण घायलों को समय पर इलाज मिल सका.
डॉक्टरों ने बताई हालत सामान्य
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक डॉ. इमरान कुमार ने बताया कि दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है. उन्हें सामान्य चोटें आई हैं और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है. किसी प्रकार की गंभीर चोट सामने नहीं आई है. डॉक्टरों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है.
बढ़ती भीड़ के बीच सड़क पर खतरा
सावन माह में गुप्ता धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. ऐसे में सड़क पर आवारा पशुओं की मौजूदगी हादसों का कारण बन रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर पशु अचानक सामने आ जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है.
प्रशासन से की गई अपील
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गुप्ता धाम जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाए. साथ ही आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएं. लोगों ने वाहन चालकों से भी अपील की है कि वे सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










