रोहतास: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत दूसरी किस्त से पहले पूरा करना होगा यह जरूरी प्रशिक्षण

फोटो कैप्शन: गुरुकुल शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित अभिमुखीकरण कार्यक्रम. | Prabhat Khabar Network
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत दूसरी किस्त ₹20,000 प्राप्त करने के लिए महिलाओं को वित्तीय साक्षरता और लेखांकन का प्रशिक्षण लेना अनिवार्य है. स्वयं सहायता समूह की बैठकों में नियमित भागीदारी और बचत जैसे अन्य मानकों को भी पूरा करना होगा.
Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana Second Installment : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये प्राप्त कर चुकी महिला लाभार्थियों को अब दूसरी किस्त के 20 हजार रुपये पाने के लिए कई जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी. इनमें वित्तीय साक्षरता एवं लेखांकन का प्रशिक्षण लेना सबसे अहम होगा. यह जानकारी रोहतास जिला परियोजना समन्वय इकाई द्वारा आयोजित अभिमुखीकरण कार्यक्रम में दी गई.
Rohtas News : हजार रुपये के लिए पूरी करनी होंगी ये शर्ते
योजना के तहत लाभार्थियों को दूसरी किस्त प्राप्त करने के लिए वित्तीय साक्षरता एवं लेखांकन का प्रशिक्षण लेना अनिवार्य होगा. इसके अलावा स्वयं सहायता समूह की बैठकों में नियमित भागीदारी, लगातार तीन माह तक बचत, व्यवसायिक योजना तैयार करना, ग्राम संगठन से अनुमोदन प्राप्त करना, आय-व्यय पंजी का नियमित संधारण और समूह से लिए गए ऋण की समय पर अदायगी जैसे मानकों को भी पूरा करना होगा.
परियोजना कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
गुरुकुल शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के जिला नोडल आलोक उपाध्याय और प्रोक्योरमेंट मैनेजर दिनेश कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से परियोजना कर्मियों को प्रशिक्षण दिया. इस दौरान ग्राम संगठन स्तर पर संचालित प्रशिक्षण मॉड्यूल और आजीविका गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई.
व्यवसाय संचालन पर दिया गया विशेष जोर
प्रशिक्षण में वित्तीय साक्षरता, लेखांकन, दैनिक आय-व्यय प्रबंधन, व्यवसायिक योजना निर्माण और वित्तीय सुरक्षा के पांच प्रमुख सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा की गई. प्रशिक्षण सामग्री, समूह आधारित गतिविधियों और केस स्टडी के माध्यम से व्यवहारिक समझ विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया.
सत्यापन के बाद ही जारी होगी दूसरी किस्त
जिला परियोजना प्रबंधक सुधीर बहादुर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण योजना की सफलता की कुंजी है. वहीं जिला नोडल आलोक उपाध्याय ने बताया कि पहली किस्त से शुरू किए गए स्वरोजगार का सत्यापन किया जाएगा. निर्धारित मानकों पर खरे उतरने वाले लाभार्थियों को ही प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 20 हजार रुपये की दूसरी किस्त जारी की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










