रोहतास यूरिया तो भरपूर, लेकिन रास्ता बना मुसीबत, बिक्रमगंज बिस्कोमान तक पहुंचने में कीचड़ से जूझ रहे किसान

बिस्कोमान के रास्ते में कीचड़ खाद से भरे ई रिक्शा को ठेलता एक किसान | Prabhat Khabar Network
रोहतास में किसानों को पर्याप्त यूरिया मिल रहा है, लेकिन बिक्रमगंज बिस्कोमान तक पहुंचने का रास्ता कीचड़ और जलजमाव से बदहाल है. खाद लेने आ रहे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन से सड़क मरम्मत की मांग की गई है.
Rohtas News : खरीफ मौसम में किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन बिक्रमगंज बिस्कोमान शाखा तक पहुंचने का रास्ता उनकी सबसे बड़ी समस्या बन गया है. बिक्रमगंज-नटवार मुख्य मार्ग से बिस्कोमान शाखा जाने वाली सड़क कीचड़, जलजमाव और गंदगी से बदहाल है. ऐसे में खाद लेने पहुंच रहे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
कीचड़ से होकर गुजरने को मजबूर किसान. खराब हो रहे कपड़े और सामान
बिस्कोमान पहुंचने वाले किसानों का कहना है कि साफ कपड़े पहनकर आने के बावजूद उन्हें कीचड़ और जलजमाव से होकर गुजरना पड़ता है. इससे कपड़े और साथ लाया गया सामान भी खराब हो जाता है. किसानों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता.
एक आधार कार्ड पर मिल रहे चार बोरे यूरिया. 266.50 रुपये प्रति बोरा है कीमत
बिस्कोमान शाखा प्रबंधक मनीष कुमार ने बताया कि एक आधार कार्ड पर अधिकतम चार बोरा यूरिया खाद दिया जा रहा है. किसानों को प्रति बोरा ₹266.50 की निर्धारित दर से यूरिया उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि खाद की कोई कमी नहीं है. पहली खेप में 750 बैग और दूसरी खेप में 1250 बैग यूरिया प्राप्त हुआ है, जिसका वितरण लगातार किया जा रहा है.
अन्य केंद्रों पर भी उपलब्ध है खाद. सड़क मरम्मत की उठी मांग
शाखा प्रबंधक ने बताया कि यह उपलब्धता केवल बिक्रमगंज बिस्कोमान शाखा की है. इसके अलावा पैक्स, स्वावलंबी केंद्रों और निजी उर्वरक दुकानों पर भी पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है. वहीं स्थानीय किसानों ने प्रशासन से बिस्कोमान तक जाने वाली सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि किसानों को खाद लेने में परेशानी का सामना न करना पड़े.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










