सासाराम में विरोध में प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस की टी-शर्ट पहनकर भीड़ भड़काने के आरोप में युवक गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
फोटो-1- बैरिकेडिंग तोड़ते प्रदर्शनकारी | Prabhat Khabar Network

फोटो-1- बैरिकेडिंग तोड़ते प्रदर्शनकारी | Prabhat Khabar Network

सासाराम में NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. धर्मशाला चौक से पोस्ट ऑफिस चौक तक मार्च निकाला गया, जहां बैरिकेडिंग तोड़कर तनाव की स्थिति बनी. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठी.

विज्ञापन

Rohtas News : NEET पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को सासाराम शहर में छात्रों का बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. धर्मशाला चौक से निकला छात्र मार्च पोस्ट ऑफिस चौक पहुंचा, जहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर लगी बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही.

बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस ने रोका. कुछ देर यातायात रहा प्रभावित

पोस्ट ऑफिस चौक पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बैरिकेडिंग हटाने और तोड़ने की कोशिश की. पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका. प्रदर्शन और नारेबाजी के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, हालांकि प्रशासन की सक्रियता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई. अधिकारियों के अनुसार किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.

डीएम-एसपी सड़क पर उतरे. पूरे शहर में सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

बिहार बंद और छात्र आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन पहले से अलर्ट था. प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों और संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों की मौजूदगी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, एसपी रौशन कुमार, एडीएम ललित भूषण रंजन, डीडीसी विजय कुमार पांडेय, सदर एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय हालात पर नजर बनाए रहे.

भीम आर्मी ने उठाई जांच और इस्तीफे की मांग

प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष अमित पासवान ने कहा कि NEET पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की.

पुलिस की टी-शर्ट पहनकर भीड़ भड़काने के आरोप में युवक हिरासत में

प्रदर्शन के दौरान पुलिस की टी-शर्ट पहनकर मौजूद एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया. पुलिस का आरोप है कि युवक प्रदर्शनकारियों के बीच मारपीट कर माहौल भड़काने की कोशिश कर रहा था, ताकि यह प्रतीत हो कि पुलिस छात्रों के साथ दुर्व्यवहार कर रही है.

एसपी रौशन कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक की पहचान दरिगांव थाना क्षेत्र के भदोखरा गांव निवासी मंटू सिंह के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि उसकी बाइक की डिक्की से पुलिस जैसी टी-शर्ट भी बरामद हुई है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है.

रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा कड़ी. शांतिपूर्ण रहा रेल परिचालन

छात्र आंदोलन को देखते हुए सासाराम रेलवे स्टेशन पर भी रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी. स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और प्रवेश-निकास द्वार पर लगातार निगरानी रखी गई. सुरक्षा व्यवस्था के बीच रेल परिचालन सामान्य रहा और स्टेशन क्षेत्र में शांति बनी रही.


विज्ञापन
Punit Kr Pandey

लेखक के बारे में

By Punit Kr Pandey

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन