रोहतास के 8 एथलीटों का कमाल, खेल छात्रवृत्ति योजना में चयन, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

फोटो-1- खेल छात्रवृत्ति योजना के तहत सम्मानित रोहतास जिले के चयनित एथलीट प्रदीप कुमार. | Prabhat Khabar Network
रोहतास जिले के 8 एथलीटों का बिहार सरकार की उत्कर्ष, सक्षम एवं प्रेरणा योजना के तहत खेल छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में आयोजित समारोह में चयनित खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया.
Rohtas News : रोहतास जिले के खिलाड़ियों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा. बिहार सरकार के खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना की ओर से संचालित उत्कर्ष, सक्षम एवं प्रेरणा योजना के तहत जिले के आठ एथलीटों का खेल छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ. पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया.
एथलेटिक्स में रोहतास का दबदबा. सबसे अधिक आठ खिलाड़ियों का हुआ चयन
रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव विनय कृष्ण ने बताया कि एथलेटिक्स ऐसा एकमात्र खेल रहा, जिसमें जिले के सबसे अधिक आठ खिलाड़ियों का चयन हुआ है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले के खेल जगत के लिए गर्व का विषय है और इससे युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी.
खिलाड़ियों को मिलेगा प्रशिक्षण, उपकरण और पोषण का सहयोग
विनय कृष्ण ने बताया कि खेल छात्रवृत्ति मिलने से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल उपकरण, पोषण तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी. इससे खिलाड़ियों के प्रदर्शन में और सुधार होगा तथा उन्हें उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा.
इन खिलाड़ियों का हुआ चयन. प्रदीप कुमार उत्कर्ष योजना में शामिल
सक्षम योजना के तहत पीयूष राज (एथलेटिक्स), रितेश कुमार (ऊंची कूद), निशी कुमारी (जैवलिन थ्रो), इमरान आलम (पेंटाथलॉन), आशीष कुमार (ट्रायथलॉन), विकास राय (एथलेटिक्स) और आर्यन कुमार (एथलेटिक्स) का चयन किया गया है. वहीं, यूथ एशियन चैंपियनशिप में भाग ले चुके प्रदीप कुमार का चयन उत्कर्ष योजना के तहत किया गया है.
तीन योजनाओं के तहत मिलती है आर्थिक सहायता
रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के अनुसार, उत्कर्ष, सक्षम और प्रेरणा योजना राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण योजनाएं हैं. इनके माध्यम से खिलाड़ियों को खेल उपकरण, प्रशिक्षण, पोषण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए सहयोग दिया जाता है. उत्कर्ष योजना के तहत प्रति वर्ष ₹20 लाख, सक्षम योजना के तहत अधिकतम ₹5 लाख और प्रेरणा योजना के तहत अधिकतम ₹3 लाख तक की सहायता का प्रावधान है. इन योजनाओं का लाभ राष्ट्रीय स्तर या अखिल भारतीय विश्वविद्यालय खेलों में पदक जीतने वाले पात्र खिलाड़ियों को दिया जाता है.
खेल प्रेमियों ने दी बधाई. उज्ज्वल भविष्य की कामना
इस उपलब्धि पर रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. कुश कुमार त्रिपाठी, सत्येंद्र कुमार, उपेंद्र कुमार सहित जिले के कई खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताई और इसे रोहतास के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










