रोहतास में डीएलएड परीक्षा की तैयारी पूरी, 1464 परीक्षार्थियों के लिए बने दो केंद्र, कल से 28 जुलाई तक होगी

डीएलएड परीक्षा को लेकर सीट अरेंजमेंट करते कर्मी | Prabhat Khabar Network
सासाराम जिले में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित D.El.Ed. परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 1464 परीक्षार्थियों के लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, और परीक्षा 24 जुलाई से शुरू होगी।
Sasaram D.El.Ed. Examination: सासाराम जिले में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना के तत्वावधान में आयोजित डीएलएड (फेस-टू-फेस) परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए रोहतास जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिले में कुल 1464 परीक्षार्थियों के लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से संयुक्त आदेश जारी किया गया है.
दो चरणों में होगी परीक्षा
संयुक्त आदेश के अनुसार डीएलएड प्रशिक्षण सत्र 2024-26 के द्वितीय वर्ष की परीक्षा 24 से 28 जुलाई तक तथा सत्र 2025-27 के प्रथम वर्ष की परीक्षा 31 जुलाई से 7 अगस्त तक दो पालियों में आयोजित होगी. द्वितीय वर्ष की परीक्षा में 698 तथा प्रथम वर्ष की परीक्षा में 766 परीक्षार्थी शामिल होंगे. दोनों सत्रों के लिए शेरशाह सूरी इंटर स्तरीय विद्यालय, सासाराम और प्लस टू उच्च विद्यालय, चौखंडी पथ, सासाराम को परीक्षा केंद्र बनाया गया है.
सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से होगी निगरानी
जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. प्रत्येक 500 परीक्षार्थियों पर एक वीडियोग्राफर की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के बाहर एवं आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. केंद्राधीक्षकों को परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
निर्धारित समय के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक और द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा. निर्धारित समय के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. यदि कोई अभ्यर्थी अवैध रूप से बाउंड्री फांदकर या जबरन परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.
जूता-मोजा और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों पर फ्रिस्किंग अनिवार्य होगी. परीक्षार्थियों को जूता-मोजा पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी और उन्हें केवल चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा. मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला कर्मियों द्वारा ली जाएगी. जिला प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं वीक्षकों को बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 के प्रावधानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










