अकोढ़ीगोला बीआरसी में विदाई समारोह के दौरान पहुंची निगरानी टीम, स्थानांतरित बीईओ से की पूछताछ

सम्मान समारोह में बीईओ व अन्य | Prabhat Khabar Network
अकोढ़ीगोला बीआरसी में नए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के पदस्थापन समारोह की तैयारियों के दौरान, स्थानांतरित बीईओ को निगरानी विभाग की टीम ने पूछताछ के लिए रोका. यह पूछताछ 2025 के एक रिश्वतकांड से जुड़ी बताई जा रही है.
Sasaram News : सासाराम जिले के अकोढ़ीगोला प्रखंड संकुल संसाधन केंद्र (बीआरसी) अकोढ़ीगोला में गुरुवार को नए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) सुमन कुमार श्रीवास्तव के पदस्थापन और स्थानांतरित बीईओ प्रवण कुमार के सम्मान समारोह की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान निगरानी विभाग की टीम वहां पहुंच गई और स्थानांतरित बीईओ प्रवण कुमार से करीब आधे घंटे तक पूछताछ की. पूछताछ के बाद टीम लौट गई, जिसके बाद सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया.
निगरानी अधिकारी ने पूछताछ की पुष्टि की
निगरानी विभाग के इंस्पेक्टर शाहनवाज रिजवी ने बताया कि बीईओ प्रवण कुमार से पूछताछ की गई है. हालांकि उन्होंने इससे अधिक जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा कि इस संबंध में बीईओ ही जानकारी दे सकते हैं. वहीं प्रवण कुमार ने कहा कि उनके खिलाफ कोई आरोप नहीं है. उन्होंने बताया कि निगरानी टीम ने पूर्व में डाटा ऑपरेटर की गिरफ्तारी से जुड़े मामले में उनसे बातचीत की है.
2025 के रिश्वतकांड से जुड़ा है मामला
गौरतलब है कि 12 दिसंबर 2025 को बीआरसी में कार्यरत डाटा ऑपरेटर चंदन कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था. उस समय पटना से आई निगरानी टीम ने बीईओ प्रवण कुमार के डेहरी स्थित अस्थायी आवास पर भी छापेमारी की थी, लेकिन वह वहां नहीं मिले थे.
शिक्षक ने दर्ज कराई थी रिश्वत मांगने की शिकायत
मामला राजकीय मध्य विद्यालय बांक के विशिष्ट शिक्षक सुनील कुमार की शिकायत से जुड़ा है. उन्होंने 11 नवंबर 2025 को आरोप लगाया था कि वेतन निर्धारण के नाम पर बीईओ प्रवण कुमार और डाटा ऑपरेटर चंदन कुमार द्वारा प्रति शिक्षक 1,500 रुपये की रिश्वत मांगी गई थी. दस शिक्षकों के वेतन निर्धारण के लिए कुल 15 हजार रुपये की मांग की गई थी. शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने जाल बिछाकर शिक्षक से केमिकल लगे नोट दिलवाए और डाटा ऑपरेटर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया था. वर्तमान में उसी प्रकरण के संबंध में निगरानी टीम ने बीईओ से पूछताछ की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










