भभुआ इंटरसिटी में महिला का पर्स उड़ाने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, लाखों के जेवर व नकदी बरामद

पटना में प्रेस वार्ता करते रेल एसपी | Prabhat Khabar Network
सासाराम रेल पुलिस ने भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस में हुई एक महिला यात्री के पर्स चोरी की घटना का सफल खुलासा किया है. इस मामले में तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद हुई है.
Sasaram News : सासाराम रेल थाना पुलिस ने भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस में महिला यात्री के पर्स चोरी मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों के पास से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 2.09 लाख रुपये नकद तथा कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. मामले की जानकारी रेल पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनंत कुमार राय ने गुरुवार को जारी विज्ञप्ति में दी.
महिला यात्री का पर्स हुआ था चोरी
रेल एसपी ने बताया कि 27 जून को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के उत्तरपाड़ा थाना क्षेत्र की निवासी चांदनी रीना गुप्ता, अपने पति कमलेश गुप्ता के साथ भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13249) से सासाराम से भभुआ की यात्रा कर रही थीं. यात्रा के दौरान उनके ट्रॉली बैग में रखा लेडीज पर्स चोरी हो गया. पर्स में सोने की चेन, मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, चांदी की पायल, 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और एटीएम कार्ड सहित अन्य सामान था. इस संबंध में रेल थाना सासाराम में कांड संख्या 29/26 दर्ज किया गया था.
एसआईटी के गठन के बाद हुआ खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय अनुसंधान के आधार पर टीम ने खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के बड़ी झिटकिया गांव निवासी हीरा कुमार को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महद्दीगंज निवासी अनिल कुमार उर्फ अनिल सिंह तथा चौखंडी कबीरगंज निवासी पप्पू फारूकी उर्फ पप्पू कुरैशी को भी गिरफ्तार किया गया.
नकदी, आभूषण और मोबाइल बरामद
पुलिस ने हीरा कुमार के घर से 2.09 लाख रुपये नकद, सोने और चांदी जैसे बड़ी मात्रा में आभूषण तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए. इसके अलावा अनिल कुमार के घर से सोने जैसा एक लॉकेट, चांदी की पायल और दो मोबाइल, जबकि पप्पू फारूकी के घर से सोने जैसा एक लॉकेट, दो चांदी की पायल और एक मोबाइल बरामद किया गया.
अन्य मामलों में भी जांच जारी
रेल पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों और अन्य सामान की जांच की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि इनका संबंध अन्य चोरी की घटनाओं से तो नहीं है. गिरफ्तार तीनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










