सहायक प्रोफेसर नियुक्ति ड्राफ्ट के विरोध में जेपीयू में बवाल, कुलपति का फूंका पुतला

बिहार के विश्वविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर नियुक्ति हेतु प्रस्तावित ड्राफ्ट के विरोध में जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा परिसर में छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों एवं अभ्यर्थियों द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया.
छपरा. बिहार के विश्वविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर नियुक्ति हेतु प्रस्तावित ड्राफ्ट के विरोध में जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा परिसर में छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों एवं अभ्यर्थियों द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया. इस दौरान छात्र नेता आशीष यादव उर्फ गुलशन यादव के नेतृत्व में ड्राफ्ट कमेटी के अध्यक्ष एवं जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो प्रमेन्द्र बाजपेई का पुतला दहन किया गया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जो व्यक्ति स्वयं अपने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित नहीं कर पाया, उसे पूरे बिहार के विश्वविद्यालयों के लिए सहायक प्रोफेसर नियुक्ति का ड्राफ्ट तैयार करने का दायित्व देना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. छात्रों का कहना था कि यदि कोई व्यक्ति अपने ही विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर के परीक्षार्थियों के लिए स्पष्ट रूप से पासिंग मार्क्स तक निर्धारित नहीं कर पा रहा हो, तो ऐसे व्यक्ति को राज्य के विश्वविद्यालयों में शिक्षक नियुक्ति की नियमावली तैयार करने का दायित्व देना कई गंभीर प्रश्न खड़े करता है. प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने यह भी कहा कि ड्राफ्ट कमेटी के संयोजक के नेतृत्व में तैयार यह मसौदा बिहार के हजारों नेट, पीएचडी एवं शोधरत अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ अन्याय करता हुआ प्रतीत होता है. इस ड्राफ्ट में चयन प्रक्रिया को मुख्यतः लिखित परीक्षा आधारित बनाने का प्रयास किया गया है, जबकि विश्वविद्यालय शिक्षक चयन की प्रक्रिया में शोध, शिक्षण अनुभव, अकादमिक उपलब्धियों और एपीआइ को उचित महत्व दिया जाना चाहिए. छात्रों ने कहा कि बिहार के विश्वविद्यालयों की नियुक्ति प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जो यहां के योग्य और प्रतिभाशाली शोधार्थियों को अवसर प्रदान करे. इस अवसर पर रणबीर सिंह, उज्वल सिंह, स्वामीनाथन, प्रशांत बजरंगी, कुणाल, रुपेश, सुधीर, अमरेश ब्रजकिशोर, समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शोधार्थी एवं अभ्यर्थी उपस्थित थे, जिन्होंने एक स्वर में कहा कि बिहार के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




