छपरा आयोजना क्षेत्र का 332 और सोनपुर का 600 वर्ग किलोमीटर में होगा विस्तार

Published at :24 Apr 2026 9:45 PM (IST)
विज्ञापन
छपरा आयोजना क्षेत्र का 332 और सोनपुर का 600 वर्ग किलोमीटर में होगा विस्तार

जाम, जलजमाव और अव्यवस्थित बसावट से जूझ रहे छपरा और सोनपुर के लिए विकास की नयी राह खुल गयी है.

विज्ञापन

छपरा. जाम, जलजमाव और अव्यवस्थित बसावट से जूझ रहे छपरा और सोनपुर के लिए विकास की नयी राह खुल गयी है. आयोजना क्षेत्र प्राधिकरण ने भौगोलिक सूचना प्रणाली आधारित मास्टर प्लान तैयार कर लिया है. बिहार सरकार ने इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाने की अनुमति के साथ-साथ आवश्यक बजट भी जारी कर दिया है. इस योजना का उद्देश्य छपरा और सोनपुर के आसपास के क्षेत्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुसार आधुनिक और व्यवस्थित स्वरूप देना है. इसके तहत छपरा आयोजन क्षेत्र 332 वर्ग किलोमीटर में और सोनपुर आयोजन क्षेत्र 600 वर्ग किलोमीटर में विकसित किया जायेगा.

छपरा: 65 गांवों को मिलाकर बनेगा नया शहर

वर्तमान में छपरा शहर उत्तर में रेलवे लाइन और दक्षिण में सरयू नदी के बीच स्थित है. यह शहर पूरब से पश्चिम तक फैला हुआ है और एक पुराना जिला व प्रमंडलीय मुख्यालय है, लेकिन अपेक्षित विकास अब तक नहीं हो सका है. नये मास्टर प्लान के तहत जिले के तीन प्रखंडों के 65 राजस्व गांवों को शामिल किया गया है. इनमें छपरा सदर के 36, रिविलगंज के 25 और मांझी प्रखंड के 4 राजस्व गांव शामिल हैं.

संभावित क्षेत्रीय विस्तार

उत्तर में छपरा सदर के माला, शेरपुर, मालामिर्जा, तुकरा, मेहियां, मौना, डुमरिया, डुमरिया, तेनुआ, मुसेहरी, यमुना मुशहरी, ब्रह्मपुर, फकुली से होते हुए रिविलगंज के राजमल पीरॉरी, जखुआ, पंचपतरा, शेखपुरा, सरेंधा, जिगना व परसा तक शामिल होंगे. दक्षिण में शेरपुर से इनई, मुबारकपुर होते हुए भादपा तक क्षेत्र विस्तारित होगा. पूर्व में विसुनपुरा, शुकुलपुर, महाराजगंज, खलपुरा सहित कई गांव शामिल होंगे, जबकि पश्चिम में रिविलगंज व मांझी क्षेत्र तक विस्तार प्रस्तावित है. टाउनशिप कोर एरिया में छपरा प्रखंड के चार राजस्व ग्राम शामिल हैं, जबकि स्पेशल एरिया में गड़खा, नगरा और छपरा के 78 राजस्व ग्राम रखे गये हैं. कोर एरिया 550 एकड़ और स्पेशल एरिया 15,400 एकड़ में प्रस्तावित है. वहीं शहर की सीमा से दूरी 1.5 किमी है. रेलवे स्टेशन से दूरी आठ किमी और सोनपुर एयरपोर्ट से दूरी 35 किमी है.

विकास की रूपरेखा

इस योजना के तहत पार्क, वाहन स्टैंड, सड़क, नाला, जलापूर्ति, नई आवासीय कॉलोनी, फुट ओवर ब्रिज और कचरे से खाद निर्माण संयंत्र जैसी सुविधाओं का विकास किया जायेगा.

सोनपुर: पर्यटन से लेकर मेट्रो तक का है विजन

भविष्य की आकांक्षाओं के अनुरूप शहरी क्षेत्रों के विकास को लेकर लगभग 266 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में सोनपुर आयोजना क्षेत्र निर्धारित किया गया है. वर्त्तमान में इसमें 154 राजस्व ग्राम तथा सोनपुर नगर परिषद का क्षेत्र शामिल है. हाल ही में सरकार द्वारा सोनपुर आयोजना क्षेत्र को लगभग 600 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में विस्तारित किया गया है. जीआइएस के आधार पर संपूर्ण प्लानिंग एरिया का मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है. लैंड यूज पैटर्न के आधार पर अलग-अलग गतिविधियों के विकास लिए अलग-अलग एरिया को चिह्नित किया जा रहा है.

यहां ये होंगे विकाश

मास्टर प्लान के तहत पर्यटन हब, एजुकेशन हब, मेडिकल हब, कार्गो हब, एविएशन हब, एंटरटेनमेंट हब, आइटी पार्क, सोलर एनर्जी पार्क, इंडस्ट्रियल हब, मेट्रो रेल आदि का भी प्रावधान किया जा रहा है. कुल नौ अलग-अलग जोन का प्रावधान किया जा रहा है. सोनपुर आयोजना क्षेत्र के विस्तारित क्षेत्रफल (600 वर्ग किलोमीटर) के अनुरूप मास्टर प्लान में आन्तरिक यातायात तथा सीवरेज लाइन का प्रावधान अब किया जा रहा है.

सोनपुर टाउनशिप कोर एरिया

सोनपुर टाउनशिप कोर एरिया में सोनपुर प्रखंड के 10 राजस्व ग्राम हैं. वहीं स्पेशल एरिया में दरियापुर, परसा, दिघवारा के 147 राजस्व ग्राम हैं. कोर एरिया 2000 एकड़ और स्पेशल एरिया 33 हजार एकड़ में प्रस्तावित है. वहीं शहर की सीमा से दूरी पांच किमी है. सोनपुर रेलवे स्टेशन से दूरी छह किमी और प्रस्तावित एयरपोर्ट से दूरी एक किमी है. उत्तर में परसौना मारन रोड, दक्षिण में छपरा–पटना हाईवे (एनएच-31), पूर्व में सोनपुर–दनियावां रोड तथा पश्चिम में पटना–परसा हाईवे (एसएच-73) है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन