Saran News : शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी से बढ़ रही है नाराजगी

जयप्रकाश विश्वविद्यालय कैंपस में धरना पर बैठे कर्मचारी
Saran News : शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की उपेक्षा पर गहराया असंतोष, आंदोलन की चेतावनी
Saran News (प्रभात किरण हिमांशु) : बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर जयप्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में कर्मचारियों ने अपनी 15 सूत्री मांगों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में विश्वविद्यालय मुख्यालय सहित सभी अंगीभूत एवं अल्पसंख्यक महाविद्यालयों के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार प्रातः 10:30 बजे विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रशासनिक भवन तक कर्मचारियों ने हाथों में बैनर एवं तख्तियां लेकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च निकाला. इसके उपरांत प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. शिक्षकेत्तर कर्मचारियों द्वारा धरना प्रदर्शन आयोजित किये जाने के कारण विभिन्न कॉलेजों में कार्यालय संबंधित कार्य बाधित रहा. इस समय परीक्षा व नामांकन से जुड़े कार्य संचालित हो रहे हैं. लेकिन कर्मचारियों के धरना में शामिल होने के कारण कॉलेजों में कामकाज ठप रहा.
शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के समस्याओं की हो रही अनदेखी
धरना को संबोधित करते हुए प्रक्षेत्रीय सचिव अभिषेक कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की वरीयता सूची निर्माण, वर्षों से लंबित सामूहिक प्रोन्नति, वर्ष 2009 एवं उससे पूर्व प्रोन्नत कर्मचारियों को प्रोन्नति अनुरूप वेतन भुगतान, दैनिक वेतनभोगी एवं आउटसोर्स कर्मियों के नियमितीकरण तथा रिक्त पदों पर नियुक्ति जैसे मुद्दों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है. उन्होंने कहा कि कर्मचारी वर्षों से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन केवल आश्वासन देने का कार्य कर रहा है. यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो महासंघ आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होगा.
संयुक्त मंत्री ने कहा हमारे धैर्य की ली जा रही परीक्षा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ, पटना से आये संयुक्त मंत्री इंद्र कुमार दास ने कहा कि कर्मचारियों के धैर्य की लगातार परीक्षा ली जा रही है. उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को राज्यव्यापी स्तर पर और तेज किया जायेगा. अविनाश सिंह ने कहा कि कर्मचारी वर्षों से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन सिर्फ आश्वासन देने का कार्य कर रहा है. वहीं विवेक कुमार सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की एकता ही इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है और अब कर्मचारी अपने अधिकार लेकर रहेंगे.
विवि प्रशासन से शीघ्र पहल की मांग
अमित कुमार एवं राय रणविजय देव ने भी कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक पहल करने की मांग की. डॉ. प्रमेन्द्र रंजन सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था कर्मचारियों की मेहनत से चलती है, इसलिए कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी उचित नहीं है. प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष हरिहर मोहन ने कहा कि कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है. उन्होंने कहा कि कर्मचारी अब अपने अधिकारों की लड़ाई निर्णायक रूप से लड़ने के लिए तैयार हैं.
प्रमंडल के कई कॉलेजों से पहुंचे थे कर्मी
धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों से आए कर्मचारियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही. वक्ताओं में अविनाश सिंह, उपाध्यक्ष, डॉ मनीषा उपाध्यक्ष प्रक्षेत्रीय संघ, जय प्रकाश विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के सचिव बिपिन कुमार, पंकज कुमार सिंह, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी आशुतोष कुमार, राय रणविजय देव, अनिल कुमार सिंह, गंगा सिंह महाविद्यालय, छपरा, जय प्रकाश विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के सचिव प्रो अच्युतानंद सिंह, जेपीयू शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो रविंद्र सिंह, जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के कर्मचारी विशाल सिंह राठौर ने कर्मचारियों तथा छात्रों की समस्या पर विशेष रूप से प्रकाश डाला.
Also Read : घर में सो रही महिला की हत्या, रात के अंधेरे में दरवाजा तोड़ घुसे हमलावर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By युवराज रतन
पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.
प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










