बॉयफ्रेंड से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी लड़की, छपरा में हाई वोल्टेज ड्रामा, घंटों मान-मनौव्वल के बाद उतरी नीचे

छपरा में टावर पर चढ़ी लड़की
Bihar News: सारण जिले में प्रेम-प्रसंग को लेकर एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिसके बाद घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझा-बुझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा.
Bihar News: बिहार के सारण जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती प्रेम-प्रसंग के विवाद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई. यह घटना दाउदपुर थाना क्षेत्र के इनायतपुर पंचायत के मिश्र टोला की है, जहां जियो मोबाइल टावर पर चढ़कर युवती ने घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा किया. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण बन गया.
यूपी की रहने वाली है लड़की
जानकारी के अनुसार, युवती का नाम अंजली है, जो उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की रहने वाली है. अपनी मांग को पूरा करवाने के लिए अंजली ने यह तरीका अपनाया. बताया जा रहा है कि उसका दाउदपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव के रहने वाले अजय मांझी नामक युवक के साथ प्रेम संबंध है. जिससे वह शादी करना चाहती है. अपनी बात मनवाने के लिए वह सीधे जियो के टावर पर चढ़ गई. युवती टावर पर चढ़कर शादी की मांग पर अड़ी रही.
काफी समझाने के बाद लड़की को पुलिस ने टावर से उतारा
घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद युवती को नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया. इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोग भी उसे मनाने में जुटे रहे. काफी मशक्कत के बाद आखिरकार प्रशासन ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारा.
दिल्ली में रहता है युवक का परिवार, पुलिस कर रही जांच
राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई अनहोनी नहीं हुई. वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक का परिवार फिलहाल दिल्ली में रह रहा है और युवक भी घर पर अभी मौजूद नहीं है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती से पूछताछ की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




