Bihar Heavy Rain: बिहार के इस जिले में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, सड़कें बनीं तालाब, सभी स्कूल रहेंगे बंद

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 04 Oct 2025 9:57 AM

विज्ञापन

भारी बारिश में डूबा छपरा

Bihar Rain: सारण जिले में शुक्रवार रात 11:30 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने आठ घंटे तक तबाही मचाई. सड़कों से लेकर घरों तक जलजमाव हो गया, बिजली गुल रही और लोग पूरी रात भय में जगे रहे. हालात बिगड़ने पर स्कूल-आंगनवाड़ी बंद कर प्रशासन अलर्ट पर है.

विज्ञापन

Bihar Heavy Rain: सारण जिले में शुक्रवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. रात करीब 11:30 बजे से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला लगातार आठ घंटे से अधिक समय तक जारी रहा, जिसने पूरे जिले को जलजमाव की चपेट में ले लिया. तेज हवाओं, बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली की कड़क ने लोगों की नींद उड़ा दी और भय का माहौल बना दिया.

सड़कें बनीं तालाब, आवागमन ठप

बारिश ने शहर से लेकर गांव तक की सड़कों को तालाब में बदल दिया. जगह-जगह पानी भरने से लोगों को घुटनों तक पानी में होकर गुजरना पड़ रहा है. कई निचले इलाकों के घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोग सामान सुरक्षित करने और बच्चों को संभालने में परेशान हैं. कुछ परिवार तो अपना घर छोड़कर रिश्तेदारों या सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हो गए. मुख्य बाजार और आवासीय इलाकों में भी हालत बेहद खराब है. ग्रामीण क्षेत्रों की कच्ची-पक्की सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है.

दशकों बाद ऐसी बारिश

स्थानीय बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने पिछले 30-40 सालों में इतनी लंबी अवधि तक लगातार और तेज गर्जना वाली बारिश नहीं देखी. आसमान को चीरती बिजली और बादलों की गड़गड़ाहट ने रात भर लोगों को दहशत में रखा. बच्चों और बुजुर्गों में डर साफ झलक रहा था.

बिजली आपूर्ति ठप

बारिश शुरू होने के कुछ ही घंटों बाद, रात करीब 2 बजे से शहर की बिजली गुल हो गई. कई क्षेत्रों में सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं.

स्कूल और आंगनवाड़ी बंद

हालात को देखते हुए जिला दंडाधिकारी अमन समीर ने शनिवार को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश जारी किया. प्रशासन का कहना है कि भारी बारिश और जलभराव के बीच बच्चों का विद्यालय आना-जाना खतरनाक हो सकता है, इसलिए पठन-पाठन कार्य एक दिन के लिए पूरी तरह स्थगित रहेगा.

प्रशासन अलर्ट मोड पर

जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल को अलर्ट मोड पर रखा गया है. अधिकारियों ने आमजनों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और जलमग्न क्षेत्रों, बिजली के खंभों व पेड़ों के पास जाने से परहेज करें.

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है. विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. सारण में लगातार बारिश से हालात बेकाबू हैं. प्रशासन की सख्त अपील के बावजूद लोग मजबूरी में जलमग्न गलियों से होकर गुजर रहे हैं. दशकों बाद हुई ऐसी बारिश ने जिले को आपदा जैसी स्थिति में धकेल दिया है.

Also Read: Mahila Rojgar Yojana: बिहार की 1 करोड़ महिलाओं के खाते में पहुंचे 10-10 हजार, जानिए अगली किस्त कब आएगी

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन