बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सकी मां, शव से लिपटकर तोड़ा दम, एक साथ उठीं दो अर्थियां

Author Alok kumar
Updated:
विज्ञापन

सोनपुर के आनंदपुर गांव में गुरुवार को एक ऐसी हृदय विदारक घटना घटी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.

विज्ञापन

सोनपुर. सोनपुर के आनंदपुर गांव में गुरुवार को एक ऐसी हृदय विदारक घटना घटी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. एक मां की ममता की पराकाष्ठा तब देखने को मिली जब जवान बेटे की मौत के सदमे में मां ने भी उसके शव से लिपटकर अपने प्राण त्याग दिये. एक ही घर से जब मां-बेटे की अर्थी निकली, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गयी. स्थानीय लोगों ने बताया कि 40 वर्षीय जयप्रकाश राय पिछले कुछ समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उनका इलाज चल रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. गुरुवार की सुबह अचानक घर पर ही जयप्रकाश ने अंतिम सांस ली.जैसे ही बेटे के निधन की खबर घर के भीतर पहुंची, उनकी वृद्धा मां पाचो देवी बदहवास होकर दौड़ती हुई आईं. अपने कलेजे के टुकड़े को बेजान देख वह उससे लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगीं. विलाप करते-करते अचानक उनकी भी सांसें थम गयी. और उन्होंने बेटे के शव पर ही दम तोड़ दिया. परिजनों को पहले लगा कि वह बेहोश हो गयी हैं. लेकिन जब हलचल नहीं हुई तो चीख-पुकार मच गयी. भाजपा नेता नरेशु सिंह ने बताया कि जयप्रकाश मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके पिता और भाई की मृत्यु पहले ही हो चुकी थी. अब जयप्रकाश और उनकी मां के जाने से परिवार पूरी तरह अनाथ हो गया है. जयप्रकाश अपने पीछे एक दिव्यांग पत्नी और 15 वर्ष से कम उम्र के पांच मासूम बेटों को छोड़ गये हैं. दोपहर बाद जब एक साथ घर से दो अर्थियां निकलीं, तो पूरा गांव घाट तक उमड़ पड़ा. सोनपुर के काली घाट पर दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया. गांव वाले अब इस बेसहारा परिवार और पांच छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन