सारण में गंगा संरक्षण का बड़ा प्लान, 15 अगस्त तक 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

छपरा में जिला गंगा समिति की बैठक में गंगा स्वच्छता, रिवर फ्रंट विकास और 15 लाख पौधारोपण के लक्ष्य पर चर्चा की गई। जनसहभागिता पर विशेष जोर दिया गया।
Saran News: जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला गंगा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता, तटवर्ती क्षेत्रों के विकास, जनजागरूकता कार्यक्रमों तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी.
बैठक में उप विकास आयुक्त, प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ), अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, नगर आयुक्त, निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जीविका परियोजना निदेशक, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत सोनपुर समेत अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे.
गंगा संरक्षण के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने गंगा संरक्षण से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता और संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं है, बल्कि जनसहभागिता से ही इसे प्रभावी बनाया जा सकता है.
रिविलगंज शवदाहगृह जल्द होगा चालू
बैठक में जिले के शवदाहगृहों की स्थिति की समीक्षा की गयी. रिविलगंज में निर्मित शवदाहगृह के अब तक क्रियाशील नहीं होने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इसे जल्द संचालित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
सभी नगर निकायों एवं संबंधित अंचलाधिकारियों को सात दिनों के भीतर शवदाहगृह के लिए उपलब्ध एवं संभावित भूमि की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया. वहीं दिघवारा में आमी मंदिर के समीप घाट किनारे तथा मशरख में वर्तमान शवदाह स्थल के पास भूमि चिह्नित करने का निर्देश संबंधित अंचलाधिकारी को दिया गया.
ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रत्येक प्रखंड में कम-से-कम एक शवदाहगृह स्थापित करने के उद्देश्य से उपयुक्त भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया.
15 अगस्त तक 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में आगामी 15 अगस्त 2026 तक 15 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया.
सोनपुर, दिघवारा और रिविलगंज में बनेगा रिवर फ्रंट
बैठक में रिवर फ्रंट विकास की योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. जिला पदाधिकारी ने माझी के अटल घाट के साथ ही सोनपुर, दिघवारा और रिविलगंज के घाट क्षेत्रों में रिवर फ्रंट विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया.
दियारा क्षेत्र में बनेगा बायोडायवर्सिटी पार्क
बायोडायवर्सिटी पार्क के विकास पर भी बैठक में चर्चा हुई. जिला पदाधिकारी ने दिघवारा एवं छपरा के गंगा पार स्थित दियारा क्षेत्रों को इसके लिए उपयुक्त बताते हुए वहां जैव विविधता पार्क विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
स्लज के उपयोग की संभावनाओं की होगी जांच
डीएम ने बायोकंपोस्ट की तर्ज पर स्लज के उपयोग की संभावनाओं का अध्ययन करने का निर्देश जिला कृषि पदाधिकारी को दिया. उन्होंने इस संबंध में जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा.
एसटीपी और एमआरएफ योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) तथा कंपोस्ट प्रबंधन से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. जिला पदाधिकारी ने इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि गंगा संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











