सीवान नगर परिषद की बैठक में बड़े फैसले, जलजमाव की होगी जांच; सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य बीमा पर भी चर्चा

बैठक में शामिल मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद, ईओ व अन्य
सीवान नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में जलजमाव, सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य बीमा और निर्माण कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
सीवान:(विवेक कुमार सिंह) नगर परिषद स्थित मुख्य पार्षद कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति की बैठक मुख्य पार्षद सेंपी देवी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में शहर की बुनियादी सुविधाओं, सफाई व्यवस्था, जलजमाव और सफाईकर्मियों के कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गयी. विभिन्न प्रस्तावों पर सदस्यों ने अपनी राय रखी और कई मामलों में सर्वसम्मति से निर्णय लिए गये.
निर्माण कार्य से पहले होगी स्थल जांच
बैठक में सबसे पहले सहयोग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर चर्चा की गयी. सड़क, नाला और अन्य निर्माण कार्यों से संबंधित आवेदनों पर विचार करते हुए तय किया गया कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले संबंधित कनीय अभियंता से स्थल की पूरी जांच करायी जाएगी. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि जरूरत और प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराये जा सकें.
सफाईकर्मियों को फिलहाल नहीं मिलेगा रेनकोट
सफाईकर्मियों को वर्षा ऋतु में रेनकोट उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई. सदस्यों ने कहा कि बरसात का मौसम लगभग समाप्त होने वाला है. ऐसे में इस समय रेनकोट खरीदने का विशेष औचित्य नहीं रह गया है. इसे देखते हुए समिति ने सर्वसम्मति से रेनकोट उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को फिलहाल रद्द कर दिया.
सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य बीमा पर मांगा जाएगा मार्गदर्शन
बैठक में नगर परिषद के सभी सफाईकर्मियों को स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. समिति ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए निर्णय लिया कि इस संबंध में विभाग से मार्गदर्शन मांगा जाएगा. विभाग से आवश्यक दिशा-निर्देश मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि सफाईकर्मियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके.
जलजमाव वाले स्थानों का निरीक्षण करेंगे कनीय अभियंता
शहर में लगातार हो रहे जलजमाव की समस्या भी बैठक का प्रमुख विषय रही. सदस्यों ने कहा कि जलजमाव का स्थायी समाधान जरूरी है. इस पर निर्णय लिया गया कि नगर परिषद के कनीय अभियंता पूरे शहर में जलजमाव वाले स्थानों का निरीक्षण करेंगे और विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार करेंगे. यह रिपोर्ट नगर परिषद की अगली बोर्ड बैठक में प्रस्तुत की जाएगी. इसके आधार पर आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी.
पारदर्शी तरीके से होंगे विकास कार्य : मुख्य पार्षद
मुख्य पार्षद सेंपी देवी ने कहा कि सशक्त स्थायी समिति की बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. सड़क, नाला और जलजमाव की समस्याओं के समाधान के लिए जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है. सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य बीमा के लिए विभाग से मार्गदर्शन मांगा जाएगा. नगर परिषद का प्रयास है कि विकास कार्य पारदर्शी तरीके से हों और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें.
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता, उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता, सिटी मैनेजर बालेश्वर राय, समिति सदस्य पल्लवी प्रिया, संतोष कुमार, अर्चना देवी और शायदा खातून मौजूद रहीं.
Also Read: भरत तिवारी पर सबसे पहले गोली चलाने वाला STF जवान अरेस्ट, 24 जुलाई को ही CM सम्राट से मिला था परिवार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय मुख्यधारा की पत्रकारिता में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल (Prabhat Khabar Digital) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. राष्ट्रीय राजनीति और बिहार की राजनीति पर उनकी लेखनी विशेष रूप से पहचान रखती है.
वर्तमान में वह बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी खबरों के साथ-साथ राज्य स्तरीय मुद्दों पर भी नियमित रूप से समाचार, विश्लेषण और समसामयिक विषयों पर लेख प्रकाशित कर रहे हैं. स्थानीय घटनाक्रम को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत करना और महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक एवं सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










