सीवान में तीन पैक्सों पर डीएम सख्त, धान नहीं मिला तो होगी प्राथमिकी

जिला सहकारी कार्यालय सीवान
सीवान में हरदिया, नरेन्द्रपुर और बहुआ पैक्स के गोदामों का भौतिक सत्यापन होगा. धान कम या गायब मिलने पर अध्यक्ष और प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होगी.
Siwan News (विवेक कुमार सिंह ): खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत सीएमआर आपूर्ति में लापरवाही बरतने वाले तीन पैक्सों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. शुक्रवार को जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने सीएमआर आपूर्ति की समीक्षा की. समीक्षा के दौरान हरदिया, नरेन्द्रपुर और बहुआ पैक्स की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर डीएम ने संबंधित पैक्सों के गोदामों का भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया है. जांच के दौरान यदि गोदाम में रिकॉर्ड के अनुसार धान नहीं मिला तो संबंधित पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक के खिलाफ गबन की प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी.
हरदिया पैक्स में 85.852 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति बाकी
डीएम के आदेश के अनुसार पचरुखी प्रखंड के हरदिया पैक्स ने 168.90 मीट्रिक टन धान की खरीद की थी. इसके एवज में 114.852 मीट्रिक टन सीएमआर बिहार राज्य खाद्य निगम को जमा करना था. लेकिन अब तक केवल 29.00 मीट्रिक टन सीएमआर ही उपलब्ध कराया गया है. इस तरह 85.852 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति अभी शेष है.
आदेश के अनुसार हरदिया पैक्स ने राइस मिल को कोई धान उपलब्ध नहीं कराया है, जबकि उसके गोदाम में 168.90 मीट्रिक टन धान शेष दर्शाया गया है. इसी अंतर को देखते हुए गोदाम का भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया गया है.
नरेन्द्रपुर पैक्स में 166.75 मीट्रिक टन सीएमआर बाकी
जीरादेई प्रखंड के नरेन्द्रपुर पैक्स ने 760.05 मीट्रिक टन धान की खरीद की थी. इसके बदले 514.75 मीट्रिक टन सीएमआर जमा करना था. अब तक 348.00 मीट्रिक टन सीएमआर ही जमा हुआ है, जबकि 166.75 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति शेष है.
नरेन्द्रपुर पैक्स ने राइस मिल को 474.075 मीट्रिक टन धान उपलब्ध कराया है. वहीं, गोदाम में 285.975 मीट्रिक टन धान शेष बताया गया है. प्रशासन अब भौतिक सत्यापन के माध्यम से अभिलेखों में दर्ज धान और वास्तविक स्टॉक का मिलान करेगा.
बहुआ पैक्स में 56.278 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति बाकी
रघुनाथपुर प्रखंड के बहुआ पैक्स ने 235.35 मीट्रिक टन धान की खरीद की थी. इसके बदले 172.278 मीट्रिक टन सीएमआर जमा होना था. बिहार राज्य खाद्य निगम को अब तक 116.00 मीट्रिक टन सीएमआर उपलब्ध कराया गया है, जबकि 56.278 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति अभी बाकी है.
बहुआ पैक्स ने राइस मिल को 129.900 मीट्रिक टन धान उपलब्ध कराया है, जबकि गोदाम में 123.35 मीट्रिक टन धान शेष दर्शाया गया है.
तीनों पैक्सों ने खरीदा 1182.30 मीट्रिक टन धान
आदेश में दिए गए आंकड़ों के अनुसार तीनों पैक्सों ने कुल 1182.30 मीट्रिक टन धान की खरीद की है. इसके बदले 801.88 मीट्रिक टन सीएमआर जमा होना था. अब तक बिहार राज्य खाद्य निगम को 464.00 मीट्रिक टन सीएमआर ही उपलब्ध कराया गया है, जबकि 308.88 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति शेष है.
वहीं, तीनों पैक्सों की ओर से कुल 603.98 मीट्रिक टन धान राइस मिलों को उपलब्ध कराया गया है, जबकि 578.23 मीट्रिक टन धान पैक्स के गोदामों में शेष दर्शाया गया है.
सुबह 10 बजे तक करना होगा भौतिक सत्यापन
डीएम ने रघुनाथपुर, पचरुखी और जीरादेई के सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को 1 अगस्त की सुबह 10 बजे तक संबंधित पैक्स गोदामों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया है.
यदि जांच के दौरान रिकॉर्ड के अनुसार धान कम मिलता है या गोदाम में धान नहीं मिलता है तो संबंधित पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी. प्राथमिकी की सूचना तत्काल जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है.
लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
डीएम ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन नहीं करने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी. सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को विरमित होने से पहले कार्रवाई पूरी करने और थाना कांड संख्या जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
धान और अभिलेखों में अंतर मिला तो होगी कठोर कार्रवाई
जिलाधिकारी ने कहा कि धान अधिप्राप्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी. सभी संबंधित पदाधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने कहा कि यदि किसी समिति में धान के वास्तविक स्टॉक और अभिलेखों में अंतर पाया जाता है तो दोषी व्यक्तियों के खिलाफ बिना किसी पक्षपात के कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
Also Read: भरत तिवारी पर सबसे पहले गोली चलाने वाला STF जवान अरेस्ट, 24 जुलाई को ही CM सम्राट से मिला था परिवार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










