छपरा में मौसम बदलते ही बढ़ी बीमारी, सदर अस्पताल में 490 मरीज पहुंचे, बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित

विज्ञापन

ओपीडी में बढ़ी भीड़

Chapra Sadar Hospital : बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर दिख रहा है, जिसके चलते सदर अस्पताल में मरीजों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है. सर्दी, खांसी और बुखार के साथ-साथ बच्चों में वायरल संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. मौसम के उतार-चढ़ाव और सुबह-शाम के तापमान में अंतर लोगों को बीमार बना रहा है.

विज्ञापन

Chapra Sadar Hospital : छपरा सदर अस्पताल में मंगलवार को सीजनल बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखी गई. चाइल्ड और मेडिसिन वार्ड में इलाज के लिए सबसे अधिक मरीज पहुंचे. अस्पताल की ओपीडी में सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की संख्या भी अधिक रही.

सोमवार को 652 मरीजों ने कराया रजिस्ट्रेशन

गत सोमवार को सदर अस्पताल की ओपीडी के पहले शिफ्ट में 498 मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. वहीं दूसरे शिफ्ट में 154 मरीजों ने पंजीकरण कराया. अस्पताल में पहुंचे मरीजों में करीब 60 फीसदी सीजनल बीमारियों से पीड़ित बताए गए.

सारण की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें

मंगलवार को दोपहर तक 490 मरीज पहुंचे

मंगलवार को भी मरीजों की संख्या में कमी नहीं दिखी. पहले शिफ्ट में दोपहर 12.30 बजे तक 490 मरीजों ने इलाज के लिए रजिस्ट्रेशन कराया. इनमें 224 मरीज मेडिसिन विभाग और 110 मरीज चाइल्ड वार्ड में इलाज के लिए पहुंचे.

पांच से 15 साल के बच्चों में वायरल संक्रमण

सदर अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप कुमार यादव ने बताया कि पांच से 15 साल के बच्चों में वायरल इंफेक्शन के मामले अधिक देखे जा रहे हैं. खासकर स्कूल से लौटने के दौरान बच्चों के बीमार पड़ने की शिकायत मिल रही है. उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी है.

सुबह तेज धूप और दिन में बदल रहा मौसम

इन दिनों सुबह से ही तेज धूप निकल रही है. इसके बाद दिन में कई बार बादल छा रहे हैं. मौसम में इस तरह के उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है. बड़ी संख्या में मरीज सदर अस्पताल के साथ निजी अस्पतालों में भी इलाज के लिए पहुंच रहे हैं.

सर्दी खांसी और बुखार के मरीज ज्यादा

चिकित्सकों के अनुसार ज्यादातर लोग सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं. बच्चों में तेज सिरदर्द, पेट दर्द और उल्टी जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं. स्कूल से लौटते समय धूप की चपेट में आने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ रही है.

सुबह और दोपहर के तापमान में बड़ा अंतर

चिकित्सकों का कहना है कि मौसम तेजी से बदल रहा है. दिन में धूप तेज रहती है, जबकि सुबह और शाम तापमान में कमी हो रही है. सुबह और दोपहर के तापमान में अंतर बढ़ने से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती है. पहले से ब्लड प्रेशर की शिकायत वाले बुजुर्गों को भी इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

दो से तीन दिन तेज बुखार रहे तो जांच जरूरी

चिकित्सकों ने सलाह दी है कि अगर किसी व्यक्ति को लगातार दो से तीन दिन तक तेज बुखार रहता है तो उसे तुरंत अस्पताल में दिखाना चाहिए. ऐसी स्थिति में आवश्यक जांच कराना भी जरूरी है. बुखार के साथ डेंगू से जुड़े लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए.

डेंगू को लेकर सदर अस्पताल में तैयारी

डेंगू का असर भी धीरे-धीरे बढ़ने की बात कही जा रही है. पिछले वर्ष जुलाई-अगस्त के दौरान भी डेंगू के मामले बढ़े थे. इसे देखते हुए सदर अस्पताल में डेंगू से बचाव और उपचार के लिए जरूरी तैयारियां की गई हैं. अस्पताल में 10 बेड का डेंगू वार्ड बनाया गया है.

अनुमंडलीय अस्पताल और पीएचसी भी अलर्ट

डेंगू की रोकथाम को लेकर अनुमंडलीय अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी अलर्ट किया गया है. चिकित्सकों ने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की है. तेज बुखार या अन्य गंभीर लक्षण होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है.

Also Read : सारण : पानापुर में बुजुर्ग महिला हत्याकांड का केस उठाने की धमकी, 3 गिरफ्तार


विज्ञापन
प्रभात किरण हिमांशु

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन