सारण में चार बच्चों की मां ने पति से फिर रचाई शादी, एक दिन पहले प्रेमी ने मंदिर में भरी थी मांग, पूरा मामला जानिए

Updated:
विज्ञापन
bahuaara shadi news

महिला की मांग में सिंदूर भरता पति

Bihar News: सारण के मढ़ौरा में चार बच्चों की मां के निजी जीवन से जुड़ा मामला लगातार सुर्खियों में है. पहले प्रेमी से शादी और फिर 24 घंटे के भीतर घर वापसी ने पूरे इलाके में चर्चा और हैरानी का माहौल बना दिया है.

विज्ञापन

Bihar News: (मनोकामना सिंह, सारण) बिहार के सारण जिले के बहुआरा पट्टी गांव में एक अजीबोगरीब और चर्चित मामला फिर सुर्खियों में आ गया है. यहां चार बच्चों की मां ज्योति देवी ने एक दिन पहले प्रेमी से शादी की. उसके बाद अब शनिवार शाम अपने पहले घर में वापसी कर ली. इस घटनाक्रम की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है.

जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय ज्योति देवी ने कुछ ही दिन पहले अपने पति की सहमति से उसके दोस्त और अपने प्रेमी से शादी की थी. लेकिन महज 24 घंटे के भीतर ही मामला पलट गया और महिला ने फिर से अपने पहले परिवार में लौटने का फैसला लिया.

महिला का दावा- दबाव में हुआ था फैसला

ज्योति देवी ने बताया कि पंचायत के दौरान उन पर दबाव बनाया गया था, जिसके चलते उन्होंने उस समय यह कदम उठाया. अब उनका कहना है कि परिस्थितियां अलग थीं और उन्होंने घर वापसी का निर्णय सोच-समझकर लिया है.

मंदिर में हुई थी अनोखी शादी

मढ़ौरा प्रखंड के बहुआरा पट्टी गांव में शुक्रवार को गांव के मंदिर परिसर में यह अनोखी शादी हुई थी, जिसने पूरे इलाके को चौंका दिया था. ग्रामीणों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में हुई इस शादी में महिला के पहले पति ने भी सहमति दी थी.

14 साल पुराना प्रेम प्रसंग बना वजह

बताया जाता है कि महिला का अपने पति के ही दोस्त के साथ पिछले लगभग 14 वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था. इसी वजह से पंचायत में बातचीत के बाद शादी का निर्णय लिया गया था.

मांग से सिंदूर हटाकर फिर भरी गई थी मांग

शादी के दौरान भगवती मंदिर में एक अनोखी रस्म देखने को मिली थी. पहले पति ने अपनी पत्नी की मांग से सिंदूर हटाया, जिसके बाद प्रेमी ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी स्वीकार किया था. इस पूरी घटना ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया था.

परिवार और गांव में बनी हुई है चर्चा

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. महिला की मां ने भी पहले इस फैसले पर नाराजगी जताई थी. अब एक बार फिर घर वापसी के बाद मामला और भी उलझ गया है, जिसे लेकर लोग लगातार चर्चा कर रहे हैं.

Also Read: पारिवारिक बंटवारा नहीं तो पूर्वजों के नाम पर ही रहेगी जमीन, जानिए लैंड सर्वे को लेकर बिहार सरकार का मेगा प्लान

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन