छपरा में मेरिट लिस्ट की तैयारी शुरू, छात्रों को मिल सकता है आवेदन का एक और मौका

Updated:
विज्ञापन
वोकेशनल विषयों में नामांकन के लिए मेरिट लिस्ट तैयार कर रहा विश्वविद्यालय

फोटो- जेपीयू का प्रशासनिक भवन

जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-27 के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए मेरिट लिस्ट की तैयारी जारी है. जिन कॉलेजों में आवेदन कम आए हैं, उन्हें छात्रों को नामांकन का एक और मौका मिल सकता है. यह अपडेट छात्रों के लिए महत्वपूर्ण है.

विज्ञापन

जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-27 के व्यावसायिक (वोकेशनल) पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. व्यावसायिक पाठ्यक्रम के विश्वविद्यालय निदेशक प्रो. अजीत कुमार तिवारी ने बताया कि 10 जुलाई तक आवेदन लिए गए. अब छपरा, सीवान और गोपालगंज के संबंधित कॉलेजों में प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जा रही है.

15 जुलाई तक होगा आवेदन का सत्यापन

विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार संबंधित कॉलेजों में 15 जुलाई तक आवेदनों का सत्यापन पूरा कर लिया जाएगा. जिन कॉलेजों में वोकेशनल कोर्स संचालित हैं, वहां नामांकन से संबंधित सूचना नोटिस बोर्ड पर भी प्रकाशित कर दी गई है. नामांकन मेधा सूची और स्वीकृत सीटों के आधार पर होगा. आरक्षण का लाभ बिहार सरकार और विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार दिया जाएगा.

नामांकन के समय जरूरी होंगे मूल प्रमाण पत्र

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि नामांकन के दौरान अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण पत्र और उनकी स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां जमा करनी होंगी. निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा. मेरिट लिस्ट और अन्य जरूरी निर्देश विश्वविद्यालय की वेबसाइट एवं प्रवेश पोर्टल पर जारी किए जाएंगे.

कम आवेदन वाले कॉलेजों से मांगी गई रिपोर्ट

विश्वविद्यालय ने बताया कि कई कॉलेजों में उपलब्ध सीटों की तुलना में काफी कम आवेदन प्राप्त हुए हैं. ऐसे कॉलेजों से विषयवार आवेदन और सीटों का अपडेट मांगा गया है. यदि सीटें खाली रहती हैं, तो छात्रों को आवेदन का एक अंतिम अवसर दिया जा सकता है. इस संबंध में विश्वविद्यालय नामांकन समिति की बैठक में निर्णय लिया जाएगा.

इन वोकेशनल कोर्स में होगा नामांकन

विश्वविद्यालय ने विभिन्न कॉलेजों में बीसीए, बीबीए, बीएमसी, बायोटेक और इंडस्ट्रियल फिश एंड फिशरीज जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की सीटें निर्धारित की हैं. राजेंद्र कॉलेज, गंगा सिंह कॉलेज, डीएवी कॉलेज सीवान, जगदम कॉलेज, राजा सिंह कॉलेज, एचआर कॉलेज आमनौर और महेंद्र महिला कॉलेज गोपालगंज में निर्धारित सीटों पर नामांकन लिया जाएगा.


विज्ञापन
Prabhat Kiran Himanshu

लेखक के बारे में

By Prabhat Kiran Himanshu

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन