सारण में युवक की संदिग्ध मौत के बाद हंगामा, गुस्से में परिजनों ने घंटों किया सड़क जाम

Published by :Ragini Shamra
Published at :07 May 2026 12:55 PM (IST)
विज्ञापन
Police or parijan

घटनास्थल पर पुलिस और परिजनों की तस्वीर

Bihar Crime News: सारण में एक हलवाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बवाल मच गया. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मशरक थाना के सामने शव रखकर जमकर हंगामा किया. करीब तीन घंटे तक मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

विज्ञापन

Bihar Crime News: (ओमप्रकाश सिंह की रिपोर्ट) सारण में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिस से हर कोई हैरान है. जिले के मशरक थाना क्षेत्र के बेनछपरा गांव निवासी 30 वर्षीय गजेन्द्र कुमार साह की संदिग्ध मौत हो गई .घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. मृतक के पिता संत कुमार साह के अनुसार गजेन्द्र किसी मांगलिक कार्यक्रम में खाना बनाने के लिए डुमरसन गांव गया था.

रात में आया हादसे का फोन

परिजनों ने बताया कि रात करीब 10 बजे गजेन्द्र के मोबाइल से किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया. फोन करने वाले ने बताया कि गजेन्द्र का एक्सीडेंट हो गया है. जिसके बाद उसे मशरक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलने के बाद मृतक का छोटा भाई रवि कुमार अस्पताल पहुंचा. लेकिन तब तक उसे छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया था.

छपरा में हुई मौत, परिजनों ने जताया हत्या का शक

छपरा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान गजेन्द्र की मौत हो गई. शव के गांव पहुंचते ही परिजन आक्रोशित हो गए. जिसके बाद परिजनों ने मशरक थाना के सामने एसएच-90 पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. परिजनों का आरोप है कि मृतक के शरीर पर कट के निशान थे. जबकि उसकी बाइक पूरी तरह सही सलामत थी. इसी वजह से परिवार इसे हत्या का मामला मान रहे है.

तीन घंटे तक जाम रहा मुख्य मार्ग

गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. इस दौरान मुख्य मार्ग पर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रही . एसएच-90 पर शव रखकर प्रदर्शन करने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. जिसके कारन लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

पुलिस कर रही मामले की जांच

मृतक के पिता ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है. पुलिस बरामद मोबाइल और अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद मृतक की पत्नी सुनीता देवी समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. शव के पास महिलाओं की चीख-पुकार और ग्रामीणों के आक्रोश से माहौल पूरी तरह गमगीन बना गया .घटना के बाद मशरक डीएसपी संजय कुमार सुद्धाशु और इंस्पेक्टर इंद्रजीत महतो मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस प्रशासन के काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और इसके बाद यातायात बहाल कराया गया.

Also Read: पटना में बड़ा हादसा: अटल पथ सर्विस लेन के 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरा राहगीर, एक घंटे बाद हुआ रेस्क्यू

विज्ञापन
Ragini Shamra

लेखक के बारे में

By Ragini Shamra

Ragini Shamra is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन