सारण में महाजाम की भयावह तस्वीर, मरीज को कंधे पर उठाकर अस्पताल ले जाने को मजबूर हुए परिजन

Updated:
विज्ञापन
जाम के कारण बीमार को कंधे पर ले जाते परिजन   | Prabhat Khabar Network

जाम के कारण बीमार को कंधे पर ले जाते परिजन   | Prabhat Khabar Network

सारण शहर की सड़कों पर लगा जाम अब जानलेवा साबित हो रहा है. सोमवार को श्याम चक्र-भगवान बाजार रोड पर लगे महाजाम के कारण एक बीमार व्यक्ति को परिजनों को कंधे पर उठाकर अस्पताल ले जाना पड़ा. यह घटना शहर में यातायात अव्यवस्था की भयावहता को दर्शाती है.

विज्ञापन

Saran Traffic Jam: नगर निगम क्षेत्र में जाम की समस्या अब आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है. सोमवार को शहर के श्याम चक्र-भगवान बाजार रोड पर ऐसा ही एक मार्मिक दृश्य देखने को मिला, जब भीषण जाम के कारण परिजनों को एक बीमार व्यक्ति को कंधे पर उठाकर अस्पताल ले जाना पड़ा. भगवान बाजार चौक से गुदरी तक सड़क पर घंटों महाजाम लगा रहा, जिससे आम लोगों के साथ मरीजों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

जाम से आम लोगों का जीना हुआ मुहाल

शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है. गुदरी, भगवान बाजार, स्टेशन रोड चौक और आसपास के प्रमुख मार्गों पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं. कई बार कुछ सौ मीटर की दूरी तय करने में भी आधे घंटे से अधिक समय लग जाता है. इसका असर व्यापारियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों पर सबसे अधिक पड़ रहा है.

टोटो, ऑटो और अतिक्रमण बना बड़ी वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार भगवान बाजार चौक शहर का सबसे व्यस्त चौराहा है. यहां ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के बावजूद बड़ी संख्या में टोटो और ऑटो सड़क पर ही खड़े रहते हैं. सवारी बैठाने के लिए बीच सड़क पर वाहन रोक देने से जाम और भी गंभीर हो जाता है. सड़क किनारे ठेले, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण भी यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं. कई बार एंबुलेंस और पुलिस वाहन भी जाम में फंस जाते हैं.

जर्जर सड़क ने बढ़ाई परेशानी

भगवान बाजार-श्याम चक्र रोड की बदहाल सड़क भी जाम की बड़ी वजह बन गई है. सड़क की मरम्मत नहीं होने से वाहन धीमी गति से चलते हैं, जिससे सुबह स्कूल और कार्यालय खुलने के समय तथा शाम को बाजार में खरीदारी के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है.

स्थायी समाधान की मांग

शहरवासियों का कहना है कि केवल ट्रैफिक पुलिस की तैनाती से समस्या का समाधान संभव नहीं है. टोटो और ऑटो के लिए अलग स्टैंड, अवैध पार्किंग पर सख्ती, नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन ही जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है.

क्या बोले एसडीएम

छपरा सदर के एसडीएम नितेश कुमार ने कहा कि जाम की समस्या को दूर करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को प्रतिदिन आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं. अब इसका और कड़ाई से पालन कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर भी जिलाधिकारी स्तर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

Also Read: बिहार के कलाकारों की चमकेगी किस्मत, अब मुंबई से ही होंगे बुक, घर बैठे फिल्म में मिलेगा काम



विज्ञापन
Sanjay Bhardawaj

लेखक के बारे में

By Sanjay Bhardawaj

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन