छपरा में 27 मार्च को निकलेगी शोभायात्रा, रूट पर लटकते तार व मलबे हटाने के निर्देश

Published by : ALOK KUMAR Updated At : 24 Mar 2026 10:25 PM

विज्ञापन

रामनवमी महापर्व के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव व वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न हुई.

विज्ञापन

छपरा. रामनवमी महापर्व के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव व वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न हुई. बैठक में शांति समिति के सदस्यों से उनके पुराने अनुभवों के आधार पर फीडबैक लिया गया और शोभायात्रा को सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये.

प्रशासन ने शोभायात्रा के रूट को बाधा मुक्त बनाने के लिए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिये हैं. जिनमें कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया है कि रूट में लटकते बिजली के तारों का सत्यापन कर उन्हें सुरक्षित ऊँचाई पर करें. इसके अलावा पुल निर्माण निगम को डबल डेकर मार्ग के खंडों से निर्माण सामग्री और मलवा हटाकर मार्ग को समतल करने तथा धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव करने का निर्देश दिया गया. बुडको को निर्माणाधीन खुले नालों को तत्काल कवर करने की जिम्मेदारी दी गयी है. वहीं नगर निगम शोभायात्रा मार्ग में साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा.

लाइसेंस और वालंटियर्स के लिए कड़े नियम

इस वर्ष 27 मार्च को रामनवमी की मुख्य शोभायात्रा निकाली जायेगी. इसके लिए प्रशासन ने समय और रूट स्पष्ट किया है. शोभायात्रा केवल निर्धारित समय अवधि और पूर्व निर्धारित रूट से ही निकाली जा सकेगी.वहीं आयोजकों को समय पर लाइसेंस प्राप्त करना होगा और उसकी शर्तों का कड़ाई से पालन करना होगा. सभी आयोजकों को अपने वालंटियर्स की सूची प्रशासन को देनी होगी और उन्हें अनिवार्य रूप से पहचान पत्र निर्गत करने होंगे.

डीजे पर प्रतिबंध और डिजिटल निगरानी

हुड़दंगियों और अफवाह फैलाने वालों पर नकेल कसने के लिए तकनीकी सुरक्षा का सहारा लिया जायेगा. शोभायात्रा में डीजे का उपयोग पूरी तरह वर्जित है. अश्लील या भड़काऊ संगीत बजाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी. पूरे जुलूस की सतत वीडियोग्राफी करायी जायेगी और ड्रोन कैमरों से आसमान से नजर रखी जायेगी. साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई होगी. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, अस्पतालों और एम्बुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया गया है. साथ ही मद्य निषेध विभाग को शराबबंदी का प्रभावी उल्लंघन रोकने के लिए विशेष मॉनिटरिंग का जिम्मा सौंपा गया है. बैठक में छपरा की महापौर, अपर समाहर्त्ता (विधि-व्यवस्था), सदर एसडीओ, सदर एसडीपीओ सहित सभी प्रखंडों के बीडीओ और थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे.

विज्ञापन
ALOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन