युवक की हत्या,बाइक लूटी
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :06 Jul 2015 8:09 AM (IST)
विज्ञापन

मांझी के संन्यासी बाजार के समीप हुई घटना पुलिस के विलंब से पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश उपचार के दौरान पीएचसी में गयी जान मांझी (सारण) : थाना क्षेत्र के संन्यासी बाजार नहर के समीप दो अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार कर एक बाइक लूट ली. अपराधियों की गोली से घायल युवक […]
विज्ञापन
मांझी के संन्यासी बाजार के समीप हुई घटना
पुलिस के विलंब से पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश
उपचार के दौरान पीएचसी में गयी जान
मांझी (सारण) : थाना क्षेत्र के संन्यासी बाजार नहर के समीप दो अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार कर एक बाइक लूट ली. अपराधियों की गोली से घायल युवक की मौत उपचार के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हो गयी.
घटना रविवार की शाम करीब 3.45 बजे की है. बताया जाता है कि धरहरा संन्यासी बाजार निवासी रामेश्वर साह के पुत्र जीतेश कुमार साह उर्फ बड़े कुमार साह अपने पड़ोसी दलन मांझी के बीमार बच्चे को उपचार कराने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गये थे और वहीं से वापस हो रहे थे, तभी पहले से घात लगाये अपराधियों ने घेर लिया और बाइक छीनने लगे.
इसका विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें गोली मार दिया और बाइक लूट कर फरार हो गये. भागते समय अपराधियों को एक महिला ने पत्थर चला कर मारा, जिससे एक अपराधी का सिर फट गया. घटना को अंजाम देकर अपराधी मांझी की ओर भागे.
घायल युवक को ग्रामीण आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गयी. सूचना दिये जाने के बावजूद एक घंटे बाद तक पुलिस के नहीं पहुंचने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गये. घटना के बाद संन्यासी बाजार की सभी दुकानें बंद हो गयीं. बाद में वहां पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है.
वहीं, एसडीपीओ राजकुमार कर्ण देर शाम घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी हासिल की. एसडीपीओ द्वारा स्थानीय पुलिस को संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने और अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया. जांच में प्रथमदृष्टया यह बात सामने आयी है कि पुरानी रंजिश के कारण युवक की हत्या की गयी है और अपराधियों का मुख्य उद्देश्य युवक की हत्या करना था. बाइक लूट महज एक बहाना था.
पुलिस ने शुरू की जांच : एसपी सत्यवीर सिंह के निर्देश पर रिविलगंज, दाउदपुर, कोपा तथा एकमा थाने की पुलिस ने वाहन जांच शुरू कर दी है. समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है.
घर पर रह कर व्यवसाय करता था जीतेश :पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर जीतेश घर पर रह कर ही व्यवसाय करता था. घर पर रहने के कारण आस-पड़ोस के लोगों से गहरा लगाव रखता था. किसी की भी मदद के लिए हमेशा तैयार रहता था. रविवार को जब दलन मांझी की पत्नी ने अपने बच्चे की तबीयत खराब होने की बात कही, तो वह तुरंत अस्पताल ले जाने के लिए तैयार हो गया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर उपचार कराया. वहीं से लौटते समय यह घटना हो गयी.
घर में मचा कोहराम : जीतेश की हत्या की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया. अपने पुत्र के गोली लगने से घायल होने की सूचना पाकर जब जीतेश की मां जब तक अस्पताल पहुंची, तब तक जीतेश की मौत हो चुकी थी.
क्या कहते हैं एसपी
हत्या व लूट की प्राथमिकी दर्ज कर शीघ्र अपराधियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है. इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और त्वरित कार्रवाई की जा रही है. सत्यवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक, सारण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










