िजले के सभी मिडिल स्कूल 13 तक रहेंगे बंद

Updated at : 11 Jan 2018 4:49 AM (IST)
विज्ञापन
िजले के सभी मिडिल स्कूल 13 तक रहेंगे बंद

शीतलहर का कहर. ठंड हवाओं के बीच रात का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री मापा गया छपरा (सदर) : सारण जिला भीषण शीतलहर की चपेट में है. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक हर तबका परेशान है. ठंड के मद्देनजर डीएम हरिहर प्रसाद ने जिले के एक से लेकर 8 तक की कक्षाओं के संचालन पर […]

विज्ञापन

शीतलहर का कहर. ठंड हवाओं के बीच रात का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री मापा गया

छपरा (सदर) : सारण जिला भीषण शीतलहर की चपेट में है. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक हर तबका परेशान है. ठंड के मद्देनजर डीएम हरिहर प्रसाद ने जिले के एक से लेकर 8 तक की कक्षाओं के संचालन पर 13 जनवरी तक रोक लगा दी है. वहीं उससे ऊंची कक्षा के छात्र-छात्राओं के वर्गों का संचालन दिन के 10 बजे से करने का निर्देश दिया है.
डीएम ने अपने पत्र में लिखा है कि यह आदेश सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों पर लागू रहेगा. प्रशासन के आदेश को नजरअंदाज करनेवाले विद्यालय संचालकों पर कार्रवाई होगी. इसके लिए शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के प्रशासनिक पदाधिकारियों को निर्देशित किया है. ठंड के कारण सरकारी कार्यालय एवं व्यावसायिक मंडी मौना चौक, साहेबगंज, सलेमपुर आदि में भी बाहर से आनेवाले व्यवसायियों की संख्या कम रही. जिले में हल्की ठंड हवाओं के बीच रात का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री मापा गया.
वहीं दिन में धूप नहीं निकलने के कारण भी तापमान काफी कम रहा. दो बजे के बाद हल्की धूप निकली जो कुछ ही देर में समाप्त हो गयी जिससे आम लोगों को राहत नहीं मिली.
जिला प्रशासन के द्वारा न तो अलाव और न नाइट शेल्टर की व्यवस्था दुरुस्त किये जाने के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में खासकर हाट बाजार में आनेवाले या रहने वाले गरीब बेघरों को ज्यादा परेशानी हुई. शहर के विभिन्न बस स्टैंड यथा साढ़ा ढाला, नेहरू चौक, तेलपा बस स्टैंड, सरकारी बस डिपो, दारोगा राय चौक, गुदरी बाजार के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी बस स्टैंड के साथ-साथ छपरा कचहरी स्टेशन, छपरा जंक्शन आदि ग्रामीण क्षेत्र के स्टेशनों पर दैनिक यात्रा करनेवाले लोगों को एक जगह से दूसरे जगह जाने वाले लोगों को भीषण ठंड के कारण भारी परेशानी हुई. ठंड के कारण सरकारी कार्यालयों में भी ग्रामीण क्षेत्र से आनेवाले लोगों की संख्या काफी कम रही. वहीं विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी ठंड के कारण जहां कई पदाधिकारी अपने कार्यालयों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण यथा, ब्लोअर, हीटर के माध्यम से ठंड से बचते देखे गये तो विभिन्न कार्यालयों के कर्मी अलाव जलाकर ठंड से बचते देखे गये.
आपदा प्रबंधन विभाग से नहीं मिली अलाव मद में राशि : विगत एक सप्ताह पूर्व डीएम हरिहर प्रसाद ने भीषण ठंड के मद्देनजर अलाव जलाने के लिए 11 लाख रुपये की राशि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग से की थी. परंतु, इस मद में अबतक विभाग ने कोई राशि नहीं भेजी. उधर, डीएम के बार-बार आदेश के बावजूद राशि नहीं होने का हवाला देकर 95 फीसदी पदाधिकारियों ने अलाव जलाने का काम बंद कर दिया है. वहीं ठंड के कारण विभिन्न बाजारों में ऊनी कपड़ों की मांग भी काफी बढ़ी है.
ठंड से दो लोग मरे
तरैया. दो अलग-अलग गांवों में मंगलवार की रात्रि ठंड से दो लोगों की मौत हो गयी. हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. जानकारी के अनुसार, मुकुंदपुर निवासी महीद्दीन अंसारी की 65 वर्षीया पत्नी मोरियम को मंगलवार को ठंड लग गयी. जिसका चिकित्सकों ने उपचार किया. स्थिति बिगड़ने पर परिजन तरैया अस्पताल लाने की तैयारी कर रहे थे तब तक महिला की मौत हो गयी.हरपुर फरीदन गांव में भी मंगलवार की रात्रि एक अधेड़ व्यक्ति की मौत ठंड से हो जाने की सूचना है. जानकारी देते हुए तरैया पूर्वी भाग के पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू सिंह ने बताया कि मणिलाल पंडित की मौत गत रात्रि ठंड लगने के कारण हो गयी है.
स्थानीय चिकित्सकों ने इलाज किया पर रात्रि में मौत हो गयी. ठंड से मौत की सूचना पदाधिकारियों को दी गयी है. हालांकि इन खबरों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इस संबंध में पूछे जाने पर अंचलाधिकारी वीरेंद्र मोहन ने बताया कि अभी तक उन्हें ऐसी कोई सूचना नहीं है. अगर सूचना मिली तो जांच करायी जायेगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन