DC vs GT: जोस बटलर ने दिल्ली के खिलाफ मचाया गदर, बना दिए ये रिकार्ड

Updated at : 08 Apr 2026 10:42 PM (IST)
विज्ञापन
Jos Buttler Records DC vs GT

जोस बटलर, Pic- Social Media/X

Jos Buttler Records: आईपीएल 2026 के मुकाबले में गुजरात टाइटंस के जोस बटलर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए 24 गेंदों में अर्धशतक जड़ा. अपनी 52 रन की पारी में उन्होंने 5 छक्के लगाकर टी20 क्रिकेट में 600 छक्के पूरे किए और साहा का पावरप्ले रिकार्ड भी तोड़ दिया.

विज्ञापन

Jos Buttler Records: आईपीएल 2026 के 14वें मैच में गुजरात टाइटंस के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध धमाकेदार वापसी की. अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बटलर ने 27 गेंदों का सामना करते हुए 52 रन की तूफानी पारी खेली. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 192.59 का रहा. इस अहम मैच में बटलर ने कई बड़े रिकार्ड भी अपने नाम किए.

18 पारियों के बाद जड़ा अर्धशतक

बटलर लंबे समय से खराब लय से जूझ रहे थे. टी20 विश्व कप की आठ पारियों में उनका औसत केवल 10.9 का था. जनवरी में खेले गए एक टूर्नामेंट में 97 रन बनाने के बाद से 18 पारियों में उनके बल्ले से कोई बड़ा स्कोर नहीं निकला था. लेकिन दिल्ली के सामने उन्होंने अपना पुराना अंदाज दिखाया. तीसरे नंबर पर खेलते हुए उन्होंने मात्र 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और पांच छक्के लगाए. कुलदीप यादव की गेंद पर बोल्ड होकर उनकी पारी समाप्त हुई.

600 छक्के लगाने वाले पहले गैर कैरेबियाई

इस मैच में लगाए गए पांच छक्कों की मदद से बटलर ने टी20 क्रिकेट में अपने 600 छक्के पूरे कर लिए. वह यह कारनामा करने वाले दुनिया के पांचवें और पहले गैर कैरेबियाई खिलाड़ी बन गए हैं. इस फारमेट में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकार्ड क्रिस गेल के नाम है जिन्होंने 1056 छक्के लगाए हैं. उनके बाद कीरोन पोलार्ड ने 982, आंद्रे रसेल ने 784 और निकोलस पूरन ने 712 छक्के जड़े हैं. बटलर ने अपनी 467वीं पारी में 600 का आंकड़ा पार किया.

टी20 क्रिकेट में 600 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट इस प्रकार है:

  • क्रिस गेल – 1056 छक्के
  • कीरोन पोलार्ड – 982 छक्के
  • आंद्रे रसेल – 784 छक्के
  • निकोलस पूरन – 712 छक्के
  • जोस बटलर – 600 छक्के

पावरप्ले में तोड़ा साहा का रिकार्ड

बटलर अब गुजरात के लिए पारी के शुरुआती छह ओवरों में सबसे अधिक पांच छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने ऋद्धिमान साहा को पीछे छोड़ दिया है. साहा ने साल 2023 में लखनऊ के विरुद्ध पावरप्ले में चार छक्के लगाए थे. इसके अलावा बटलर दूसरे ऐसे गैर ओपनर खिलाड़ी भी बन गए हैं जिन्होंने पावरप्ले के अंदर पांच या उससे अधिक छक्के जड़े हैं. इससे पहले 2014 में सुरेश रैना ने पंजाब टीम के सामने छह छक्के मारे थे.

गुजरात ने खड़ा किया 210 रन का स्कोर

बटलर की शानदार बल्लेबाजी ने टीम को एक ठोस शुरुआत दी. उनके आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल और वाशिंगटन सुंदर ने भी तेजी से रन बटोरे. गिल ने 45 गेंदों पर बेहतरीन पारी खेलते हुए 70 रन बनाए. दूसरी ओर आलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने 32 गेंदों में 55 रन का योगदान दिया. इन सभी के अच्छे खेल के कारण गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 210 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया.

युवा वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हुए बटलर

मैदान पर अपने खेल के साथ जोस बटलर युवा क्रिकेटरों का हौसला भी बढ़ाते हैं. हाल ही में उन्होंने वैभव सूर्यवंशी से मुलाकात की और इस युवा खिलाड़ी की जमकर तारीफ की. एक ट्रेनिंग कैंप के दौरान बटलर ने वैभव को अब तक का सबसे बेहतरीन युवा होनहार बताया. उन्होंने कहा कि जब यह लड़का 21 या 25 साल का होगा तब पूरी दुनिया इसके कदमों में होगी.

ये भी पढ़ें-

दिल्ली में गरजा शुभमन गिल का बल्ला, 20 पारियों के बाद टी20 में लगाई फिफ्टी

IPL 2026 टीमों को BCCI का निर्देश, नए नियम नहीं माने तो होगा कड़ा एक्शन

बैटिंग में आग और स्वभाव में सादगी, वैभव सूर्यवंशी ने छुए हर्षा भोगले के पैर, Video Viral

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola