छपरा के पूर्व डीएम दीपक आनंद के सीतामढ़ी आवास पर एसवीयू का छापा
Updated at : 04 Jan 2018 4:26 AM (IST)
विज्ञापन

मुजफ्फरपुर, पटना और कटिहार में भी छापेमारी डोरीगंज तथा अन्य बालू घाटों पर बालू के अवैध कारोबार के मामले में भी हो रही चर्चा 30 जनवरी, 2015 से 23 मार्च 2017 तक सारण के डीएम रहे थे दीपक आनंद छपरा / सीतामढ़ी : विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) की टीम ने बुधवार को आइएएस अधिकारी व […]
विज्ञापन
मुजफ्फरपुर, पटना और कटिहार में भी छापेमारी
डोरीगंज तथा अन्य बालू घाटों पर बालू के अवैध कारोबार के मामले में भी हो रही चर्चा
30 जनवरी, 2015 से 23 मार्च 2017 तक सारण के डीएम रहे थे दीपक आनंद
छपरा / सीतामढ़ी : विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) की टीम ने बुधवार को आइएएस अधिकारी व सारण के पूर्व डीएम दीपक आनंद के कोट बाजार स्थित आवास पर छापेमारी की. आनंद पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज है. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सीतामढ़ी स्थित आवास के अलावा मुजफ्फरपुर, पटना और कटिहार में छापेमारी चल रही है.
सीतामढ़ी स्थित आवास पर श्री आनंद के माता व पिता पद्मशंकर चौधरी से टीम पूछताछ कर रही है. एसवीयू की टीम ने दोपहर एक बजे उनके आवास पर पहुंचकर छापेमारी शुरू की. छापेमारी के दौरान आवास पर किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गयी थी. 2007 बैच के आइएएस दीपक आनंद के सीतामढ़ी स्थित आवास से जेवरात, नगद व जमीन में निवेश के कागजात मिलने की बात सामने आ रही है. टीम की अगुवाई एसवीयू के आइजी रत्न संजय कटियार कर रहे हैं.
छापेमारी दल में शामिल एसवीयू के एक अधिकारी ने बताया कि आनंद के विरुद्ध पब्लिक शिकायत मिली थी. यह भी सूचना प्राप्त हुई थी कि उन्होंने आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति अर्जित कर रखी है. इसको लेकर एसवीयू में आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर कोर्ट से सर्च वारंट लेकर श्री आनंद के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की गयी है. जेवरात का मूल्य आंकने के लिए ज्वेलरी कारीगर को बुलाया गया है. फिलहाल एसवीयू के अधिकारी विशेष कुछ बताने को तैयार नहीं हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि आवास पर दीपक के केवल माता-पिता रहते हैं.
उनकी पत्नी रांची में चिकित्सक हैं. सारण के जिलाधिकारी रहने के दौरान किसी मामले में दीपक आनंद को 2017 में निलंबित कर दिया गया था. तब से वह अब तक पदस्थापन की प्रतीक्षा में सामान्य प्रशासन विभाग में थे. चर्चा है कि छापेमारी से पूर्व आनंद को टीम ने पटना में अपने कस्टडी में ले लिया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




