बिथान स्वास्थ्य केंद्र बना मौत का अड्डा, प्रसव के बाद महिला की मौत, डॉक्टर और स्टाफ फरार
Published by : PREM KUMAR Updated At : 05 Sep 2025 11:04 PM
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिथान एक बार फिर अपनी लापरवाही और भ्रष्ट व्यवस्था के कारण सुर्खियों में है.
बिथान. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिथान एक बार फिर अपनी लापरवाही और भ्रष्ट व्यवस्था के कारण सुर्खियों में है. शुक्रवार देर रात प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई. इस घटना ने न केवल परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि पूरे इलाके में आक्रोश की लहर दौड़ा दी.
परिजनों के मुताबिक, महिला ने बच्चे को जन्म दिया और वह सामान्य अवस्था में बैठी भी थी. इसी बीच अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. समय पर उचित इलाज और देखभाल न मिलने के कारण उसने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया. आरोप है कि चिकित्सकीय लापरवाही इतनी गंभीर थी कि प्रसव के बाद भी महिला की जान बचाने की कोशिश ही नहीं की गई.घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण अस्पताल पहुँच गए. लेकिन यहां लापरवाही की पराकाष्ठा यह रही कि डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौके से फरार हो गए. इससे ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क उठा. ग्रामीणों ने कहा कि यह अस्पताल अब स्वास्थ्य सेवा का केंद्र नहीं बल्कि मौत का अड्डा बन चुका है.
अस्पताल में पदस्थापित चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के.के. सिंह शायद ही कभी नियमित रूप से ड्यूटी पर रहते हों. बताया जाता है कि वे सप्ताह में महज दो से तीन दिन ही अस्पताल में दिखाई देते हैं, बाकी समय अस्पताल भगवान भरोसे चलता है.गौरतलब है कि हाल ही में भी बिथान स्वास्थ्य केंद्र की गंदगी, अव्यवस्था और लापरवाही से मौत के मामले उजागर हुए थे. शिकायतों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है. इससे साफ जाहिर होता है कि विभाग भी इस भ्रष्ट व्यवस्था पर मौन साधे बैठा है.
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक गरीब और असहाय मरीजों की जिंदगी इस तरह अस्पताल की बेरुखी की भेंट चढ़ती रहेगी? शुक्रवार की रात एक और माँ ने अपनी जान गंवा दी, लेकिन जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी, यह सवाल अब भी अनुत्तरित है.अभी भी सम्पर्क करने पर चिकित्सा पदाधिकारी न तो स्वास्थ्य केंद्र पर पाए गये और न ही उनसे सम्पर्क हो पाया है. मौके पर बिथान थाना की पुलिस पहुँचकर समझा बुझाकर मामले को शांत कराया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










