समस्तीपुर: फोन कॉल पर घर से निकला युवक लापता, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 11 Jun 2026 7:11 PM
फोन कॉल पर घर से निकला युवक लापता,घरवाले को हत्या की आशंका
Samastipur News: समस्तीपुर में फोन कॉल पर बुलाकर 21 वर्षीय ईशांत कुमार को लापता करने का मामला सामने आया है. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए केस दर्ज कराया है, जबकि आरोपी पक्ष ने भी अपने युवक को लापता बताया है.पढे़ं पूरी खबर…
Samastipur News: समस्तीपुर जिले के एक थाना क्षेत्र अंतर्गत सोठगामा पंचायत के बंगराहा गांव से एक युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. घटना बुधवार शाम की है. लापता युवक की पहचान गांव के ही रामप्रीत यादव के 21 वर्षीय पुत्र ईशांत कुमार के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि ईशांत को किसी ने फोन कर साजिश के तहत बुलाया और हत्या की नीयत से उसका अपहरण कर लिया है. इस घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव और डर का माहौल है.
दोस्तों को अनहोनी की बात कहकर बुलाया, फिर मोबाइल हुआ बंद
लापता युवक के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में ग्रामीण नंद कुमार सिंह के भतीजे रंजीत कुमार को मुख्य आरोपी बनाया है. आवेदन के अनुसार, बुधवार शाम आरोपी रंजीत ने फोन कॉल करके ईशांत को बाहर बुलाया था. इसके कुछ देर बाद ईशांत ने अपने दोस्तों को फोन किया और किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए उन्हें घर से दूर एक सुनसान डेरे पर आने को कहा. जब उसके दोस्त वहां पहुंचे तो ईशांत वहां नहीं मिला. इसके बाद से उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरी हो गई है.
पूर्व की हत्याओं को याद कर सहमे ग्रामीण, आरोपी पक्ष का नया मोड़
इस घटना ने ग्रामीणों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है, क्योंकि क्षेत्र में पहले भी ऐसी वारदातें हो चुकी हैं. बीती 1 जून को बढ़ौना गांव के लापता संतोष राय का शव मिला था, जबकि 14 मार्च को मऊ गांव के नीलेश कुमार की भी फोन कॉल पर बुलाकर हत्या कर दी गई थी. इस बीच, मामले में तब नया मोड़ आ गया जब आरोपी रंजीत कुमार के परिजनों ने पलटवार करते हुए दावा किया कि रंजीत भी गायब है और उसे कुछ लोगों ने नजरबंद कर रखा है. दोनों युवकों के लापता होने की खबरों से मामला बेहद पेचीदा और रहस्यमय हो गया है.
पुलिस खंगाल रही कॉल डिटेल्स
मामले को लेकर एसएचओ सूरज कुमार ने बताया कि परिजनों के आरोप काफी गंभीर हैं. पुलिस पूरी सक्रियता के साथ लापता युवक ईशांत और नामजद आरोपी रंजीत दोनों की तलाश में जुटी हुई है. इसके साथ ही लापता युवक के मोबाइल का कॉल डिटेल्स (CDR) भी खंगाला जा रहा है ताकि आखिरी लोकेशन और बातचीत का पता लगाया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










