समस्तीपुर: कोचिंग जा रही छात्रा की ट्रक से कुचलकर मौत, दो सहेलियां घायल, सड़क जाम 

Updated:
विज्ञापन
Samastipur News Rosra road accident student died sand truck hit sh55 bihar news

छात्रा की मौत के बाद सड़क जाम करते आक्रोशित लोग

Samastipur News: रोसड़ा के एसएच-55 पर मंगलवार सुबह बालू लदे बेकाबू ट्रक ने कोचिंग जा रही तीन छात्राओं को कुचल दिया. हादसे में 10वीं की छात्रा निकिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सहेलियां घायल हैं. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

Samastipur News: रोसड़ा अनुमंडल क्षेत्र के एसएच-55 पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10वीं की छात्रा निकिता कुमारी (16 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियां नेहा और शांति गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसा उस वक्त हुआ जब रहुआ निवासी तीनों छात्राएं सेंटर चौक स्थित दृष्टि कोचिंग सेंटर जा रही थीं. इसी दौरान सिंधिया चौक की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार 22 चक्का बालू लदे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर के बाद ट्रक भी सड़क किनारे पलट गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया.

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, लगाया जाम

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस और एंबुलेंस एक घंटे की देरी से पहुंची, जिसके कारण निकिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एसएच-55 पर बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. मौके पर पहुंचे मुखिया बैजनाथ शर्मा और सरपंच हरिकांत झा सहित ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे, दोषी चालक की गिरफ्तारी और सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की.

परिवार में पसरा मातम

मृतका निकिता अपने माता-पिता की तीन बेटियों और दो बेटों में से एक थी. उसकी मौत के बाद मां ममता देवी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं.

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन