समस्तीपुर: उत्तर बिहार में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

सांकेतिक तस्वीर
Samastipur News: 13 से 17 जून तक उत्तर बिहार में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जारी किया गया है. मानसून के असर से तापमान में गिरावट आएगी. जानिए खबर विस्तार से…
Samastipur News: डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 13 से 17 जून 2026 तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है. पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में इस अवधि के दौरान हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे. 13 से 15 जून के बीच मेघगर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवा चलने की संभावना जताई गई है.
हल्की से मध्यम बारिश के आसार, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून का सिस्टम फिलहाल कमजोर है. ऐसे में बहुत अधिक या मूसलाधार बारिश की संभावना कम है. हालांकि उत्तर बिहार के कई इलाकों में हल्की बारिश तथा एक-दो स्थानों पर मध्यम वर्षा हो सकती है. मौसम में बदलाव के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होगी, जिससे लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
पूर्वी हवा चलेगी, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इस दौरान पूर्वी दिशा से 12 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. सुबह के समय हवा में आर्द्रता 75 से 80 प्रतिशत तथा दोपहर में 30 से 35 प्रतिशत तक रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर नहीं रहने तथा किसान भाइयों से मौसम को ध्यान में रखकर कृषि कार्य करने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










