समस्तीपुर: भीषण बाइक टक्कर के बाद NH-28 जाम, मुआवजे को लेकर बवाल

Updated:
विज्ञापन
Samastipur News nh28 bike accident one dead road blocked

प्रतीकात्मक तस्वीर

Samastipur News: गदो बाजीतपुर में दो बाइकों की जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-28 जाम कर मुआवजा और स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

समस्तीपुर से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया. गदो बाजीतपुर के पास एनएच-28 पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीण सड़क पर उतर आए और हाइवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. लोगों ने प्रशासन से मुआवजा और सड़क सुरक्षा के इंतजाम की मांग की.

बसढ़िया निवासी अशोक सिंह की हुई मौत

मृतक की पहचान बसढ़िया गांव निवासी अशोक सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों बाइक की टक्कर इतनी तेज थी कि अशोक सिंह सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही जान चली गई. वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक भी हादसे में घायल हो गया.

मुआवजे और स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर हंगामा

घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. ग्रामीणों ने गदो बाजीतपुर के पास एनएच-28 को जाम कर दिया और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे. लोगों का कहना था कि इस इलाके में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है.

सड़क के दोनों तरफ लगी वाहनों की लंबी कतार

हाइवे जाम होने की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की और मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने के बाद दलसिंहसराय थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया गया है. खबर लिखे जाने तक सड़क जाम की स्थिति बनी हुई थी.

लगातार हादसों से लोग परेशान

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गदो बाजीतपुर के पास स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बेलगाम रफ्तार अब लोगों की जान लेने लगी है.

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन