समस्तीपुर : 'सर, आपने मुझे गोली क्यों मार दी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घायल अपराधी और पुलिस का वीडियो
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 21 May 2026 10:20 AM
प्रतीकात्मक तस्वीर
Samastipur News: हाफ एनकाउंटर के बाद घायल अपराधी और पुलिस की बातचीत का वीडियो वायरल हुआ है. पैर में गोली लगने के बाद अपराधी पुलिस से पूछ रहा है कि उसे गोली क्यों मारी, वहीं परिजन इसे झूठा एनकाउंटर बता रहे हैं. पढ़ें पूरी खबर…
Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय अनुमंडल क्षेत्र में हुए एक कथित ‘हाफ एनकाउंटर’ के बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में पैर में गोली लगने से घायल अपराधी प्रिंस कुमार और एक पुलिस पदाधिकारी के बीच तीखी बातचीत हो रही है. वीडियो में दर्द से कराहता अपराधी पुलिस से पूछ रहा है, “सर, एक बात पूछूं? आपने मुझे गोली क्यों मार दी? हड्डी में गोली क्यों मार दिए?” जिस पर पुलिसकर्मी उसे झिड़कते हुए जवाब दे रहे हैं.
गोपाल भैया की मां के ऑपरेशन के लिए की थी लूट
वायरल वीडियो में अपराधी प्रिंस रोते हुए पुलिस के सामने कबूल कर रहा है कि उसने अपने बॉस ‘गोपाल भैया’ के कहने पर लूट की वारदातों को अंजाम दिया था. प्रिंस के अनुसार, गोपाल की मां का ऑपरेशन होना था और उन्हें 40 से 50 हजार रुपए की सख्त जरूरत थी. बातचीत के आखिर में अपराधी रोते हुए पुलिस से जल्दी अस्पताल ले चलने की गुहार लगा रहा है. यह वीडियो अपराधी के परिजनों ने मीडिया को उपलब्ध कराया है.
पुलिस का दावा: हथियार बरामदगी के दौरान अपराधियों ने की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, उजियारपुर थाना क्षेत्र में हुए लूटकांड में शामिल तीन बदमाशों प्रिंस कुमार, भूपेंद्र कुमार और लक्ष्मण कुमार दास को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था. जब पुलिस इन्हें लेकर भगवानपुर देसुआ के बगीचे में छिपाकर रखे हथियार बरामद करने पहुंची, तो अपराधियों ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली प्रिंस के पैर में लगी, जिसके बाद बाकी दोनों बदमाशों ने सरेंडर कर दिया. बदमाशों के पास से दो कट्टा, एक पिस्टल, कारतूस और सीएसपी से लूटे गए 77 हजार 100 रुपए समेत दो बाइक बरामद हुई हैं.
परिजनों का आरोप: पुलिस ने घर से उठाकर किया झूठा एनकाउंटर
दूसरी तरफ, घायल प्रिंस के माता-पिता ने पुलिस की थ्योरी को पूरी तरह झूठा बताया है. पिता का कहना है कि 18 मई की रात पुलिस प्रिंस को घर से उठाकर ले गई थी और गिरफ्तारी की वजह भी नहीं बताई. अब एनकाउंटर की खबर मिली है. परिजनों का कहना है कि प्रिंस बेकसूर है और वे इस कार्रवाई के खिलाफ मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) और वरिष्ठ अधिकारियों का दरवाजा खटखटाएंगे. फिलहाल घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
समस्तीपुर से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










