समस्तीपुर में सिपाही भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण शुरू, प्रशासन हाई अलर्ट
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 14 Jun 2026 10:35 AM
प्रवेश करते परीक्षार्थी और जांच में जुटे पुलिसक
Samastipur News: समस्तीपुर में बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई. 15 परीक्षा केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन ने कदाचार पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी.
समस्तीपुर से प्रकाश कुमार की रिपोर्ट
Samastipur News:समस्तीपुर में मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही के 4,210 पदों पर भर्ती के लिए रविवार से लिखित परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई. परीक्षा 14 और 17 जून को दो पालियों में आयोजित की जा रही है. जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. कदाचार मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं. रविवार सुबह सात बजे से ही परीक्षार्थियों की भीड़ परीक्षा केंद्रों पर जुटने लगी.
हर परीक्षार्थी की हुई जांच
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई. फर्जी परीक्षार्थियों और सॉल्वर गैंग पर रोक लगाने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था की गई है. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. केंद्राधीक्षकों और वीक्षकों को लगातार निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है.
बेगूसराय कांड के बाद हाई अलर्ट पर पुलिस
हाल में बेगूसराय में शिक्षा माफिया और सॉल्वर गैंग के खुलासे के बाद समस्तीपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है. एसपी के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं. सादे लिबास में पुलिसकर्मी और खुफिया एजेंसियां भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं.
डीएम ने दी चेतावनी
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. कदाचार या फर्जीवाड़े की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










