अश्लील गाने का विरोध करना पड़ा भारी, युवक की गला घोंटकर हत्या का आरोप

Updated:
विज्ञापन

युवक की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन.

समस्तीपुर के मोरवा थाना क्षेत्र के हलई बाजार में शादी समारोह के दौरान अश्लील गाना बजाने का विरोध करने पर 22 वर्षीय युवक की हत्या का आरोप लगाया गया है. परिजनों ने 15 लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है.

विज्ञापन

Samastipur Murder News: समस्तीपुर जिले के मोरवा थाना क्षेत्र के हलई बाजार में शादी समारोह के दौरान अश्लील गाना बजाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया. परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाद के बाद युवक की बेरहमी से पिटाई की गई और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और लोगों ने हलई बाजार जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.

अश्लील गाने के विरोध के बाद शुरू हुआ विवाद

मृतक की पहचान हलई बाजार निवासी गोपाल पंडित के 22 वर्षीय पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार गुरुवार को वार्ड संख्या 9 निवासी सागर राय के पुत्र सनी कुमार की शादी के तहत देव पूजन का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान मंदिर के पास तेज आवाज में अश्लील गाने बज रहे थे और कुछ महिलाएं नृत्य कर रही थीं.

आरोप है कि विजय कुमार ने अश्लील गाना बजाने का विरोध किया, जिसके बाद कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर उसकी कथित रूप से बेरहमी से पिटाई की गई. जान बचाने के लिए वह अपने घर में जाकर छिप गया.

घर में घुसकर हत्या करने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपित युवक के घर पहुंचे और उसके साथ फिर मारपीट की. उनका कहना है कि इसी दौरान विजय कुमार का गला घोंट दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.

राजस्थान से एक माह पहले लौटा था युवक

परिजनों ने बताया कि विजय कुमार राजस्थान में काम करता था. वह करीब तीन वर्ष बाद एक माह पहले ही अपने घर लौटा था. उसकी मौत की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है.

15 लोगों के खिलाफ हत्या का आवेदन

हत्या के मामले में मृतक के परिजनों ने हलई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है. आवेदन में 15 लोगों को नामजद किया गया है. इनमें सागर राय, श्रवण कुमार, पवन कुमार, सनी कुमार, वीरेंद्र कुमार, रविंद्र कुमार, रामानंद राय, अमरजीत राय समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं.

पुलिस सभी बिंदुओं पर कर रही जांच

डीएसपी बी.के. मेघावी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. दोनों पक्षों के बीच तनाव कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच होगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
MANOJ KUMAR VERMA

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR VERMA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन