ePaper

कोर्ट जा रहे बाइक सवार अधेड़ की गोली मार कर हत्या

Updated at : 22 Jul 2024 11:43 PM (IST)
विज्ञापन
कोर्ट जा रहे बाइक सवार अधेड़ की गोली मार कर हत्या

थाना क्षेत्र के डैनी चौक एसएच 88 पर तारीख के लिए दलसिंहसराय अनुमंडल कोर्ट जा रहे बाइक सवार की तीन बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध गोली मार हत्या कर दी

विज्ञापन

दलसिंहसराय : थाना क्षेत्र के डैनी चौक एसएच 88 पर तारीख के लिए दलसिंहसराय अनुमंडल कोर्ट जा रहे बाइक सवार की तीन बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध गोली मार हत्या कर दी. मृत बाइक सवार की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर ब्रहंडा पंचायत के पचपैका गांव निवासी स्व. शिवजी महतो के पुत्र अनिल महतो उर्फ विनोद महतो (55) के रूप में की गयी है. मृतक को पांच गोली लगी है. एक गोली हाथ में, दूसरी बांह में और तीन गोली पंजरा में मारी गयी है. घटना स्थल पर जुटे लोगों ने बताया कि दो बाइक सवार बदमाशों ने सात से नौ राउंड फायरिंग की है. इसमें से पांच गोली मृतक को लगी. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से एक खोखा व एक पिलेट बरामद किया है. मृतक की बाइक को जब्त कर पुलिस थाने ले गयी है. घटना के बावत पत्नी कुमारी रंजूवाला ने बताया कि उसका पति एक हत्या कांड में दो माह पूर्व जेल से छूट कर बाहर आया थे. तभी से बगल में रह रहे फरीक जान से मारने की धमकी दे रहे थे. इसको लेकर थाना में आवेदन देते हुए सुरक्षा की उन्होंने गुहार भी लगायी थी. परन्तु पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. जिस कारण उनकी हत्या कर दी गई. उसने बताया कि उसी हत्या कांड की तारीख को लेकर वह बाइक से दलसिंहसराय कोर्ट जा रहा था. इसी दौरान पीछे से पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने विनोद की बाइक जैसे ही ब्रेकर के पास रुकी उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. घटनास्थल पर लोगों ने बताया कि गोली मारने के बाद सभी बदमाश मुसरीघरारी की ओर भाग निकले. मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस की मदद से जख्मी विनोद महतो को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल ले गये. जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. दिलीप कुमार व दीपक कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद अस्पताल पहुंचे स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.

भूमि विवाद में पूर्व में भी हो चुकी है हत्या

घटना को लेकर स्वजनों ने बताया कि मोख्तियारपुर निवासी धनेश्वर महतो एवं अनिल महतो उर्फ विनोद के बीच तीन कट्ठा जमीन को लेकर कई सालों से विवाद चल रहा है. जिसके कारण बार-बार मारपीट की घटना दोनों पक्षों के बीच होती थी. इसी विवाद के दौरान 27 नवंबर 2023 को धनेश्वर महतो की पुत्र सोनू कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने हंगामा करते हुए विवादित जमीन पर ही दाह-संस्कार किया. इसी हत्या मामले में अनिल महतो उर्फ विनोद महतो कई माह से जेल में बंद थे. फिर दो माह पूर्व जेल से छूट कर बाहर आया था. घर पर रह कर खेतीबाड़ी कर गुजारा कर रहा था. परन्तु दूसरे पक्ष के लोगों ने खून के बदले खून की बात मन में ठान रखी थी. जिस कारण 10 दिन पूर्व भी अनिल पर फायरिंग की घटना हुई थी. इसमें वह बाल-बाल बच गया. इसके बाद उन्होंने उजियारपुर थाना, डीएसपी, एसपी को आवेदन देते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई थी. परन्तु पुलिस ने कोई कर्रवाई नहीं की.

मृतक की पत्नी के बयान प्राथमिकी

डैनी चौक पर गोली मार कर हत्या मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी कुमारी रंजूबाला के बयान पर सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है. अपने बयान में रंजूबाला ने बताया है कि उसके पति सोमवार को कोर्ट के काम से घर से निकले थे. इसी दौरान डैनी चौक के पास तीन बाइक पर सवार आठ की संख्या में बदमाशों ने गोली चलना शुरू कर दिया. जिससे उसके पति की मौत अस्पताल में हो गयी. घटना को लेकर धनेश्वर महतो, मनीष कुमार, पिंकू ऊर्फ गुड्डू कुमार, राज कुमार, विजय कुमार, चन्द्रदीप प्रसाद, प्रिंस कुमार पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया है कि पूर्व के विवाद को लेकर इन सातों ने उसके पति की गोली मारकर हत्या कर दी है.

घटना के बाबत बोले डीएसपीइस मामले में डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि पूर्व में जमीनी विवाद के कारण मृतक के फरीक द्वारा गोली मारकर हत्या की गई है. जिसे लेकर मृतक के बयान पर सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस द्वारा नामित लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन