आभूषण दुकान की खिड़की तोड़कर दस लाख के गहने ले उड़े चोर

Updated:
विज्ञापन
आभूषण दुकान की खिड़की तोड़कर दस लाख के गहने ले उड़े चोर

Hajipur News: वैशाली जिले के पातेपुर के सिमरवारा चौक पर वारदात, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश

विज्ञापन

Hajipur News:(गोपाल कुमार) वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के सिमरवारा चौक स्थित एक आभूषण दुकान में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने दुकान की पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सेफ तथा काउंटर में रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया.

घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे. चोरी की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों और दुकानदारों की भीड़ जुट गई.

दुकान खोलते ही उड़ गए होश

जानकारी के अनुसार सिमरवारा गांव निवासी संजय साह रोज की तरह रविवार सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे. शटर खोलकर जैसे ही अंदर प्रवेश किया, दुकान का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और सेफ व काउंटर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान गायब थे.

दुकानदार के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लगभग 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है.

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पातेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने स्थानीय लोगों एवं दुकानदार से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है. चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों की भी जांच की जा रही है.

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं

पातेपुर थाना क्षेत्र में हाल के महीनों में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है.

12 अप्रैल : ज्वेलरी शॉप में सेंधमारी

हरलोचनपुर थाना क्षेत्र के कस्तुरी सराय स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरों ने लॉकर काटकर लगभग 8 किलो चांदी और करीब 30 हजार रुपये मूल्य के सोने के पुराने आभूषण चोरी कर लिए थे.

18 मई : घर से 25 लाख की चोरी

सैदपुर डुमरा गांव में चोरों ने एक घर से करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, डेढ़ लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चुरा लिया था.

19 मई : दवा व्यवसायी का घर बना निशाना

बहलानपुर गांव में चोरों ने एक दवा व्यवसायी के घर से लगभग 1.50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, कागजात, कपड़े और बर्तन चोरी कर लिए थे.

26 मार्च : बाजार की आभूषण दुकान में चोरी

पातेपुर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान का पीछे का दरवाजा काटकर चोरों ने लॉकर में रखी करीब 6 लाख रुपये की ज्वेलरी और अन्य सामान चोरी कर लिया था. इस घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया था.

पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद किसी भी मामले का अब तक खुलासा नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोगों का आरोप है कि पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामलों को गंभीरता से नहीं ले रही है.

ग्रामीणों का कहना है कि रात्रि गश्ती व्यवस्था भी प्रभावी नहीं है, जिसके कारण चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है.

Also Read: गया के 15 केंद्रों पर आज बीसीईसीई-2026 प्रवेश परीक्षा, 7400 से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

विज्ञापन
विवेक पाण्डेय

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन