डीएवी समस्तीपुर ने जीता क्लस्टर चैंपियन का खिताब, 50 स्वर्ण समेत 72 पदक पर कब्जा

पदक के साथ छात्र व डीएवी के शिक्षक
डीएवी समस्तीपुर के खिलाड़ियों ने डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के क्लस्टर स्तरीय आयोजन में शानदार प्रदर्शन किया. 50 स्वर्ण, 19 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर उन्होंने ओवरऑल चैंपियन का गौरव हासिल किया.
Samastipur News: डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के क्लस्टर स्तरीय आयोजन में हरपुर ऐलोथ स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, समस्तीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में 50 स्वर्ण, 19 रजत और 3 कांस्य पदक समेत कुल 72 पदक जीतकर प्रतियोगिता का ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और पूरे जिले में खुशी का माहौल है.
21 विद्यालयों के करीब 1000 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
डीएवी पब्लिक स्कूल, थावे, गोपालगंज में 18 और 19 जुलाई 2026 को आयोजित क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता में 21 विद्यालयों के करीब 1000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. कड़े मुकाबलों के बीच डीएवी समस्तीपुर के खिलाड़ियों ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया.
एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने जीते कई स्वर्ण पदक
आयु वर्ग-14 की 400 मीटर दौड़ में आदर्श कुमार ठाकुर, आयु वर्ग-17 की 400 मीटर दौड़ में मुहम्मद आशिक एवं खुशी रानी तथा आयु वर्ग-19 की 400 मीटर दौड़ में सिमन्त कुमार ने स्वर्ण पदक जीता. 800 मीटर दौड़ में आयु वर्ग-14 के आयुष कुमार तथा आयु वर्ग-17 के निशांत कुमार एवं खुशी रानी ने गोल्ड मेडल हासिल किया.
1500 और 200 मीटर में भी रहा दबदबा
1500 मीटर दौड़ में आयु वर्ग-14 के आयुष कुमार तथा आयु वर्ग-17 के निशांत कुमार एवं परिणीति कुमारी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया. वहीं 200 मीटर दौड़ में आयु वर्ग-14 की संध्या कुमारी और आयु वर्ग-19 की अभिलाषा कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता. अभिलाषा कुमारी ने लंबी कूद में भी गोल्ड जीतकर दोहरी उपलब्धि हासिल की. 100 मीटर दौड़ में सुधांशु सार्थक ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
फील्ड स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
फील्ड स्पर्धाओं में अनिरुद्ध, सृष्टि राज और आराध्या कुमारी ने शॉटपुट एवं डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक जीते. वहीं आर्यन कुमार ने जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल किया. खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने डीएवी समस्तीपुर को प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन समारोह में बिहार जोन (जी) के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी नीरज कुमार सिंह और विद्यालय की प्राचार्या उमा मिश्रा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया. उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास सफलता की वास्तविक पहचान हैं. खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया.
प्रशिक्षकों की मेहनत से मिली बड़ी सफलता
विद्यालय की इस उपलब्धि में खेल शिक्षक नीरज कुमार, अवधेश कुमार झा और पल्लवी का विशेष योगदान रहा. प्रशिक्षकों ने नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार किया. विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी.
यह भी पढ़ें: ईवीएम, वीवीपैट और नोटा की जानकारी के साथ छात्रों ने लिया मतदान जागरूकता का संकल्प
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










