पेपर लीक के विरोध में समस्तीपुर में उग्र प्रदर्शन, घंटों जाम रहा पटेल गोलंबर

आइसा-आरवाईए के कार्यकर्तागण प्रदर्शन करते हुए
समस्तीपुर में AISA और RYA के आह्वान पर बिहार बंद का व्यापक असर देखा गया. छात्रों ने पेपर लीक और पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की.
Samastipur News: प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, छात्रों पर कथित पुलिसिया लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को AISA और RYA के आह्वान पर समस्तीपुर में बिहार बंद का व्यापक असर देखने को मिला. सुबह से ही छात्र-युवा कार्यकर्ताओं ने पटेल गोलंबर पर टायर जलाकर दरभंगा-समस्तीपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
पटेल गोलंबर पर घंटों जाम, फिर निकला जुलूस
घंटों सड़क जाम के बाद आयोजित सभा की अध्यक्षता AISA जिला अध्यक्ष लोकेश राज और RYA जिला सचिव रौशन कुमार ने की, जबकि संचालन सुनील कुमार सिंह ने किया. इसके बाद प्रदर्शनकारी पटेल गोलंबर से जुलूस निकालते हुए सरकारी बस स्टैंड की ओर बढ़े. यहां सदर अनुमंडलाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने पुलिस बल के साथ जुलूस को रोक दिया.
छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा, शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
सभा को संबोधित करते हुए RYA राज्य उपाध्यक्ष रंजीत राम ने शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया. AISA जिला सचिव सुनील कुमार सिंह ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं का समाधान करने के बजाय छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है. प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई.
गिरफ्तार छात्रों की रिहाई की उठी मांग
नेताओं ने कहा कि यदि गिरफ्तार छात्र-युवाओं की बिना शर्त रिहाई नहीं हुई और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग भी उठाई.
बड़ी संख्या में छात्र-युवा रहे मौजूद
बिहार बंद के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन में भाकपा माले जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार, प्रीति कुमारी, छात्र राजद के पूर्व नेता विशाल सम्राट, बसपा के विनय कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए. इसके अलावा AISA के दीपक यदुवंशी, अनिल कुमार, अभिषेक चौधरी, दरखाशा जवी, राजू झा, गौतम सैनी, रोहित पासवान, मो. तौसिफ, रजनी कुमारी, स्मिता कुमारी तथा RYA के टिंकू यादव, राहुल कुमार समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: ईवीएम, वीवीपैट और नोटा की जानकारी के साथ छात्रों ने लिया मतदान जागरूकता का संकल्प
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










