कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन शुरू
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :20 Apr 2017 5:19 AM (IST)
विज्ञापन

नप चुनाव. तीन बजे तक एसडीओ कार्यालय पर प्राप्त किये जायेंगे नामांकन पत्र 27 अप्रैल तक लिये जायेंगे नाम निर्देशन पत्र समस्तीपुर : नगर निकाय चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही बुधवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है़ इधर, नामांकन की तैयारी में जुटे नगर परिषद के पार्षदों ने भी अपनी तैयारी […]
विज्ञापन
नप चुनाव. तीन बजे तक एसडीओ कार्यालय पर प्राप्त किये जायेंगे नामांकन पत्र
27 अप्रैल तक लिये जायेंगे नाम निर्देशन पत्र
समस्तीपुर : नगर निकाय चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही बुधवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है़ इधर, नामांकन की तैयारी में जुटे नगर परिषद के पार्षदों ने भी अपनी तैयारी पूरी कर नामांकन की तिथि निर्धारित करने में जुटे है़ं इसे लेकर उम्मीदवारों में उत्साह के साथ ही बेचैनी प्रारंभ हो गयी है़ कोई जरूरी कागजात संभालने में लगा है, तो कोई प्रस्तावक को पटाने में मशगूल है़ नामांकन को लेकर माला और मिठाई की दुकानें भी सज गयी है़
नामांकन स्थल एसडीओ कार्यालय के समीप बैरक लगाया गया है, वहीं हर चौक चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है़ नामांकन पत्र सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक दाखिल किया जायेगा़ नगर परिषद वार्ड पार्षद पद के लिए अनुमंडल पदाधिकारी सदर कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल किया जायेगा़ नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान अभ्यर्थी के साथ-साथ प्रस्तावक एवं समर्थक को पहचान पत्र दिखाना होगा़ अभ्यर्थियों को प्रपत्र-12 में नामांकन पत्र दाखिल करना होगा़
नामांकन प्रपत्र के साथ दो रंगीन फोटोग्राफ, अद्यतन जाति प्रमाणपत्र, संबंधित वार्ड में अगर मकान दुकान नहीं है, तो इस आशय का शपथ पत्र कार्यपालक दंडाधिकारी द्वारा निर्गत संलग्न करना होगा़ वहीं न्यूनतम आयु 21 वर्ष होने का प्रमाणपत्र, नाजिर रसीद आदि संलग्न करना होगा़ नामांकन प्रपत्र अधिकतम दो सेटों में दिया जा सकता है़ नामांकन के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर नामांकन परिक्षेत्र में दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी व सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है़
अगर, कोई आचार संहिता का उल्लंघन करते पाया जाता है, तो संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ आदर्श आचार संहित उल्लंघन के प्रावधान के तहत कार्रवाई की जायेगी़ वार्ड बार अलग-अलग टेबल नगर परिषद वार्ड पार्षद के रिक्त पदों पर नामांकन के लिए सदर अनुमंडल कार्यालय में नामांकन पत्र प्राप्त किये जायेंगे. इसके लिए अनुमंडल कार्यालय में तीन टेबल स्थापित किये गये हैं. प्रथम टेबल पर वार्ड एक से 10 तक, दूसरे टेबल पर वार्ड 11 से 19 तक तथा तीसरे टेबल पर वार्ड 20 से 29 तक वार्ड पार्षद पद के लिए वांछित कागजातों का मिलान किया जायेगा़ आवश्यक कागजातों के मिलाने के बाद अभ्यर्थी स्वयं नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. नामांकन प्रक्रिया के संपादन को लेकर अलग-अलग सहायक निर्वाची पदाधिकारियों के नेतृत्व में शहर के वार्डों को तीन समूहों में बांटा गया है़ नगर परिषद के निर्वाचन क्षेत्र में धारा 144 भी लागू हो गयी है, जो मतगणना समाप्ति प्रक्रिया तक लागू रहेगी.
नामांकन स्थलों पर निषेधाज्ञा लागू : नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन स्थलों पर निषेधाज्ञा लागू कर दिया गया है़ सदर एसडीएम केडी प्रौज्जवल ने शांतिपूर्ण, स्वच्छ व भयमुक्त वातावरण में नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराने को लेकर नामांकन स्थलों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू किया है़ इसके तहत पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पाबंदी लगा दी गयी है़
नामांकन हॉल में प्रत्याशी, प्रस्तावक व समर्थकों को ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी़ सभी तरह के घातक हथियार लेकर चलने पर रोक लगा दी गयी है़ वोटरों को डराने-धमकाने व प्रलोभन देने पर कार्रवाई की जायेगी़ बगैर अनुमति के जुलूस, धरना-प्रदर्शन आयोजित करने पर रोक लगा दी गयी है़ सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन के क्रम में हथियारों का प्रदर्शन करने पर कार्रवाई की जायेगी़ बगैर अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्र के प्रयोग पर भी रोक लगा दी गयी है़ साथ ही अनुमति प्राप्त ध्वनि विस्तारक यंत्र से अश्लील, उत्तेजक या भड़काऊ भाषण का प्रयोग नहीं कर सकते हैं. इससे किसी जाति, धर्म, समुदाय विशेष की भावना को ठेस पहुंच़े निषेधाज्ञा के तहत कोई भी व्यक्ति, राजनीतिक दल या संस्था राजनैतिक उद्देश्य से धार्मिक स्थलों का उपयोग नहीं कर सकते हैं.
फरार वारंटियों पर रहेगी पैनी नजर : नामांकन प्रक्रिया के दौरान फरार वारंटियों पर पैनी नजर रहेगी़ इसके लिए नामांकन स्थलों पर बकायदा पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बलों की तैनाती की गयी है, जो नामांकन कराने पहुंचने वाले उम्मीदवारों, प्रस्तावकों व समर्थकों पर निगाह रखेंगे.
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, जिन व्यक्तियों के खिलाफ वारंट निर्गत है एवं छह माह से फरार चल रहे हैं, वे अभ्यर्थी, प्रस्तावक या समर्थक नहीं बन सकते हैं. वहीं जिन मामलों में वारंट निर्गत होने की अवधि छह माह से कम है, वैसे प्रत्याशी आत्मसमर्पण करने के बाद नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं.
तीन मई को मिलेगा चुनाव चिह्न: नगर परिषद के होने वाले चुनाव में प्रत्याशियों को तीन मई को चुनाव चिह्न मिलेगा़ मिली जानकारी के अनुसार नामांकन प्रक्रिया 27 अप्रैल को समाप्त होने के बाद 28 अप्रैल को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जायेगी़ दो मई को उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं. इसके लिए उम्मीदवार को स्वयं नामांकन रसीद के साथ आना होगा़ तीन मई को वैध सभी उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन करा दिया जायेगा़ इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिया जायेगा़
दोपहर के समय संभावित प्रत्याशी कर रहे बैठक : चुनाव को लेकर मैदान में उतरने वाले संभावित प्रत्याशी गर्मी के इस मौसम में दिन के दस बजे तक जनसंपर्क के बाद एक से दो घंटे तक किसी सार्वजनिक स्थान पर बैठक कर रहे हैं. अलावा इसके पुराने गिले शिकवों को दूर करने का भी प्रयास चुनाव मैदान में उतरने वाले संभावित प्रत्याशी कर रहे हैं.
वोट मांगने में पीछे नहीं हैं महिलाएं : वोट मांगने के इस दौर में संभावित महिला प्रत्याशी कहीं भी पीछे नहीं हैं. चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही महिलाएं हर घर तक पहुंचने के बाद बड़े बुजुर्ग लोगों का आशीर्वाद मांग रही हैं. कई संभावित महिला प्रत्याशी घर-घर जाकर महिलाओं से सीधा संपर्क कर रही हैं. कई इलाकों में संभावित महिला प्रत्याशी अपने पति या परिवार के सदस्यों के साथ जनसंपर्क में लगी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










