बजट बैठक को लेकर महापौर ने पार्षदों संग की मंत्रणा

बजट बैठक को लेकर महापौर ने पार्षदों संग की मंत्रणा
वार्डवार सुझावों पर बनी सहमति सहरसा. नगर निगम सहरसा की आगामी 24 मार्च को होने वाली बजटीय बैठक को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में सोमवार को नगर निगम की महापौर बैन प्रिया ने पार्षदों व उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बजट को लेकर विस्तृत मंत्रणा की.बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों से जुड़े विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं और जनहित से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई. महापौर बैन प्रिया ने कहा कि नगर निगम का बजट जनता की जरूरतों और वार्डों की वास्तविक समस्याओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा.उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों से वार्डवार सुझाव मांगे गए हैं, ताकि शहर के हर इलाके के विकास को समान रूप से प्राथमिकता मिल सके. उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों को संकलित कर बजट में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा.बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं से महापौर को अवगत कराया. कई पार्षदों ने सड़कों की मरम्मत, नाली निर्माण, जल निकासी की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को बजट में प्राथमिकता देने की मांग की.साथ ही शहर के सौंदर्यीकरण, पार्कों के विकास एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई. महापौर ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि नगर निगम का बजट जनहित को केंद्र में रखकर बनाया जायेगा एवं शहर के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जायेगी. उन्होंने कहा कि सभी वार्डों के सुझावों को गंभीरता से लिया जा रहा है. जिससे बजट में अधिक से अधिक जरूरी योजनाओं को शामिल किया जा सके. नगर निगम की बजटीय बैठक 24 मार्च को आयोजित की जायेगी. जिसमें आगामी वित्तीय वर्ष के लिए नगर निगम का बजट पारित किया जायेगा. इस बैठक में शहर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर अंतिम निर्णय लिया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




