सहरसा के सोनवर्षाराज में 15 अगस्त की तैयारी पूरी, प्रखंड मुख्यालय से अशोक स्तंभ तक तय हुआ झंडोत्तोलन का समय
प्रखंड मुख्यालय स्थित झंडोत्तोलन स्थल. | Prabhat Khabar Network
सोनवर्षाराज प्रखंड 80वें स्वतंत्रता दिवस के लिए पूरी तरह तैयार है. ध्वजारोहण स्थलों की साफ-सफाई और सजावट अंतिम चरण में है. विभिन्न सरकारी संस्थानों, विद्यालयों और पंचायत भवनों में झंडोत्तोलन का समय निर्धारित कर दिया गया है.
Saharsa News: सहरसा जिले के सोनवर्षाराज प्रखंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. प्रखंड मुख्यालय, थाना परिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नगर पंचायत कार्यालय और विभिन्न सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों में झंडोत्तोलन स्थलों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. प्रशासनिक महकमे के साथ-साथ स्कूलों, कॉलेजों और पंचायत स्तर तक देशभक्ति का माहौल साफ दिखाई देने लगा है.
प्रखंड मुख्यालय से लेकर विद्यालयों तक तेज हुई तैयारी
सोनवर्षाराज प्रखंड मुख्यालय परिसर और थाना परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं. झंडोत्तोलन स्थलों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और सजावट का कार्य लगभग पूरा हो चुका है.
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार आयोजित किए जाएंगे, ताकि पूरे प्रखंड में राष्ट्रीय पर्व गरिमा और अनुशासन के साथ मनाया जा सके.
जानिए कहां-कब होगा झंडोत्तोलन
प्रखंड मुख्यालय में सुबह 9:40 बजे प्रखंड प्रमुख रंजू देवी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी.
इसके बाद सुबह 10:00 बजे सोनवर्षाराज थाना में थानाध्यक्ष नागमणि कुमार झंडोत्तोलन करेंगे. 10:10 बजे सर हरिवल्लभ इंस्टीट्यूशन में प्रधानाध्यापक रौशन कुमार, 10:15 बजे नगर पंचायत कृषि साख सोसाइटी लिमिटेड में पैक्स अध्यक्ष यशवंत कुमार सिंह उर्फ बुलबुल, 10:20 बजे प्रखंड पशुपालन कार्यालय में भ्रमणशील चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार और 10:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. लक्ष्मण कुमार राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे.
इसी क्रम में सुबह 10:40 बजे नगर पंचायत कार्यालय में मुख्य पार्षद मनीष कुमार, 10:50 बजे तहसील कचहरी तथा 11:10 बजे शाहपुर स्थित अशोक स्तंभ स्थल पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
विद्यालयों, पंचायत भवनों और बैंकों में भी फहरेगा तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों, बैंक शाखाओं, विभिन्न सरकारी कार्यालयों और गैर सरकारी संस्थानों में भी निर्धारित समय पर झंडोत्तोलन किया जाएगा.
विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, भाषण, चित्रकला प्रतियोगिता और अन्य गतिविधियों की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं. छात्रों में इस बार भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है.
Saharsa News: पूरे क्षेत्र में दिख रहा देशभक्ति का माहौल
स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे सोनवर्षाराज क्षेत्र में तिरंगे की रौनक बढ़ गई है. सरकारी भवनों के साथ-साथ कई निजी संस्थानों ने भी अपने परिसरों की सजावट शुरू कर दी है.
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व को शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में मनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं.
अब सभी की नजर 15 अगस्त के मुख्य समारोह पर है, जब पूरे प्रखंड में एक साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









