जर्जर बायपास सड़क पर पलटा मक्का लदा ट्रक, चालक गंभीर.
सड़क पर पलटा मक्का लदा ट्रक | Prabhat Khabar Network
सोनवर्षाराज एनएच-107 की जर्जर बायपास सड़क पर मक्का लदा ट्रक पलटने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया है।
सहरसा : एनएच-107 के विस्तारीकरण कार्य में निर्माण एजेंसी की लापरवाही का खामियाजा वर्षों से आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है. अधूरी और बदहाल सड़क पर आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं. गुरुवार को मनोरी चौक से सोनवर्षाराज जाने वाली बायपास सड़क पर मक्का लदा ट्रक पलट गया. हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उपचालक बाल-बाल बच गया.
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 की टीम के सहयोग से सुपौल जिले के करजाईन निवासी चालक नीरज कुमार यादव को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मनोरी चौक बायपास लिंक रोड पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. उबड़-खाबड़ कच्ची सड़क, कीचड़ और जलजमाव के कारण हर दिन दोपहिया, तिपहिया और छोटे वाहन फंस रहे हैं. कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त भी हो रहे हैं. बारिश के बाद सड़क की स्थिति और गंभीर हो जाती है.
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य की धीमी गति और सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई बार शिकायत के बावजूद निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एनएच प्राधिकरण से निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगायी जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









