स्वतंत्रता दिवस को लेकर सहरसा जंक्शन पर बढ़ी सुरक्षा, डॉग स्क्वायड ने कई ट्रेनों को खंगाला

Updated:
विज्ञापन

स्टेशन और ट्रेन में जांच करती टीम | Prabhat Khabar Network

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सहरसा जंक्शन पर सुरक्षा बढ़ाई गई। डॉग स्क्वायड की मदद से ट्रेनों और स्टेशन परिसर की सघन जांच की जा रही है।

विज्ञापन

सहरसा : स्वतंत्रता दिवस को लेकर समस्तीपुर रेल मंडल के अमृत भारत स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है. रेल मंडल को हाई अलर्ट पर रखते हुए सहरसा जंक्शन पर डॉग स्क्वायड टीम की तैनाती की गयी है. सुरक्षा जांच की कमान ट्रैकर डॉग रेंजर और नारकोटिक्स डॉग प्रिंस को दी गयी है. दोनों डॉग की मदद से स्वतंत्रता दिवस तक स्टेशन और महत्वपूर्ण ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया जायेगा.

स्टेशन के चप्पे-चप्पे की हुई जांच

बुधवार सुबह से देर शाम तक आरपीएफ की टीम ने सहरसा जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय सहित स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों की जांच की. इसके अलावा आने-जाने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के कोच भी खंगाले गये. आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार यादव के नेतृत्व में चले जांच अभियान में रेलवे सुरक्षा बल के कई जवान मौजूद रहे.

जानकी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों की जांच

डॉग स्क्वायड टीम ने समस्तीपुर से सहरसा तक 15284 जानकी एक्सप्रेस की जांच की. इसके बाद सहरसा-राजेंद्र नगर इंटरसिटी एक्सप्रेस, हटिया-बाजार एक्सप्रेस, सहरसा-बेंगलुरु सुपरफास्ट और पुणे-सुपौल एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के कोच की जांच की गयी. इसके बाद सहरसा से समस्तीपुर तक सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस को भी खंगाला गया.

विस्फोटक और मादक पदार्थों की पहचान में प्रशिक्षित है प्रिंस

दिल्ली से विशेष प्रशिक्षण लेकर पहुंचा नारकोटिक्स डॉग प्रिंस विस्फोटक और मादक पदार्थों की पहचान करने में प्रशिक्षित है. वहीं, ट्रैकर डॉग रेंजर संदिग्ध व्यक्ति का पीछा करने तथा संदिग्ध वस्तुओं की पहचान में मदद करता है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार दोनों डॉग की मदद से स्वतंत्रता दिवस के दौरान स्टेशन और ट्रेनों की सुरक्षा को और मजबूत किया गया है.

वैशाली और राज्यरानी समेत प्रमुख ट्रेनों पर विशेष नजर

नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र से सहरसा होकर दिल्ली, अमृतसर और पटना जाने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन होता है. इनमें वैशाली एक्सप्रेस, राज्यरानी एक्सप्रेस और जनसाधारण एक्सप्रेस प्रमुख हैं. इन ट्रेनों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. पूर्व में वैशाली एक्सप्रेस से आरपीएफ द्वारा मादक पदार्थ बरामद किये जाने के मामले सामने आ चुके हैं. ऐसे में प्रिंस की मदद से ट्रेनों में मादक पदार्थ और विस्फोटक सामग्री की तस्करी रोकने के लिए विशेष जांच की जा रही है.

रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस तक सहरसा जंक्शन सहित महत्वपूर्ण ट्रेनों में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा.

फोटो - स्टेशन और ट्रेन में जांच करती टीम | Prabhat Khabar Network
ट्रेन में जांच करती टीम | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन
दीपांकर श्रीवास्तव

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन