मैट्रिक टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने वाले रूपेश कुमार का हुआ सम्मान

मैट्रिक टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने वाले रूपेश कुमार का हुआ सम्मान
जे झा सम्मान से किया गया सम्मानित सहरसा . जिला ग्रुप व जे झा फाउंडेशन द्वारा आयोजित जे झा मेरिट अवार्ड जिले में शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक बन चुका है. वर्ष 2013 से लगातार आयोजित हो रहे इस प्रतिष्ठित अवार्ड के माध्यम से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के मैट्रिक टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने वाले जिले के बच्चों को सम्मानित किया जाता है. वर्ष 2026 में जे झा फाउंडेशन द्वारा 18वां जे झा मेरिट अवार्ड से रूपेश कुमार पुत्र हीरा यादव ग्राम सूहथ को सम्मानित किया. जिन्होंने बीएसईबी की मैट्रिक परीक्षा में पूरे राज्य में पांचवां स्थान प्राप्त किया. जिसे पाग, चादर, प्रतीक चिह्न एवं 31 सौ रूपये नगद के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. जे झा मेरिट अवार्ड पूरे जिले में एक सकारात्मक प्रतिस्पर्धी शैक्षणिक माहौल तैयार कर रहा है. 2020 में यह अवार्ड स्तुति मिश्रा चैनपुर सहरसा को प्रदान किया गया था. जिसके बाद लगातार छात्रों में एक शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा जगी एवं हर वर्ष सहारसा के छात्र-छात्राएं राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल रहे हैं. 2021 में गोपाल कुमार, 2022 में मिठी कुमारी एवं 2024 में सोनाली सुमन ने इस अवार्ड की गरिमा को बढ़ाते सहरसा का नाम बिहार के टॉपर लिस्ट में शामिल किया. जे झा फाउंडेशन के संस्थापक आशीष झा ने कहा कि जब उन्होंने जे झा मेरिट अवार्ड की शुरुआत की थी, तब उद्देश्य सिर्फ प्रतिभाओं को सम्मानित करना नहीं, बल्कि सहरसा में शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक व प्रतिस्पर्धी वातावरण बनाना था. आज यह देखकर गर्व होता है कि इस पहल के कारण जिले के परिणामों में निरंतर सुधार हुआ है. हर वर्ष हमारे छात्र-छात्राएं राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं. यह अवार्ड आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का एक सशक्त माध्यम बन चुका है. सहरसा ग्रुप के स्थापक कुमार रविशंकर ने कहा कि जे झा मेरिट अवार्ड आज सहरसा में सिर्फ एक सम्मान नहीं, बल्कि सफलता की एक परंपरा बन चुकी है. जिसने छात्रों में प्रतिस्पर्धा एवं उत्कृष्टता की भावना को मजबूत किया है. शिक्षाविद् आनंद झा ने कहा कि सम्मान से प्रेरणा बढ़ती है एवं प्रेरणा से सफलता की नई कहानी बनती है. इस मौके पर सहरसा ग्रुप के आनंद झा, पंकज मिश्रा, शिक्षाविद् कुमुदानंद झा एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के साथ रूपेश को सम्मानित कर उन्हें आगे और बेहतर करने की प्रेरणा दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




