अवैध एलपीजी कारोबार का भंडाफोड़, 62 भरे व 74 खाली सिलेंडर बरामद

अवैध एलपीजी कारोबार का भंडाफोड़, 62 भरे व 74 खाली सिलेंडर बरामद
बीएसओ के आवेदन पर शाहपुर निवासी दो भाई के विरुद्ध मामला दर्ज नवहट्टा . गुप्त सूचना के आधार पर नवहट्टा पुलिस ने रविवार रात करीब 9 बजे बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एलपीजी सिलेंडरों के कारोबार का खुलासा किया. इस छापेमारी का नेतृत्व अपर थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने किया, जिनकी तत्परता से पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली. पुलिस टीम ने शाहपुर गांव में छापेमारी कर संजय दास और संतोष दास के घर से 62 भरे हुए तथा 74 खाली एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इन सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही थी, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही थी. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में सिलेंडरों की बरामदगी से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. एक तरफ किल्लत, दूसरी तरफ खुली कालाबाजारी एक ओर जहां एलपीजी गैस की किल्लत से आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर खुलेआम कालाबाजारी का खेल जारी है. रौदी चौक से लेकर बस स्टैंड चौराहा और चन्द्रायण तक ऑटो में गैस रिफिल कर मनमानी कीमत वसूली जा रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पर संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं. लोगों ने कहा कि जरूरी है कि जांच में यह भी सामने लाया जाए कि सिलेंडर कहां से लाए जा रहे थे. किन-किन तस्करों या बिचौलियों की इसमें भूमिका है और क्या किसी गैस एजेंसी की संलिप्तता भी इसमें है. यदि जांच का दायरा बढ़ाया जाता है तो इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचकर इसे पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है. रौशन कुमार की कार्यशैली की सराहना अपर थानाध्यक्ष रौशन कुमार की सक्रियता और कर्तव्यनिष्ठा की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है. समय पर कार्रवाई कर उन्होंने अवैध कारोबार पर प्रभावी प्रहार किया है. क्षेत्रवासियों का मानना है कि ऐसी सख्त कार्रवाई से अपराधियों में भय बना रहता है और कानून-व्यवस्था मजबूत होती है. थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि अवैध गैस सिलेंडर के कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा. अपर थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि 62 भरे व 74 खाली सिलेंडर जब्त किया गया है. नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. कुल 136 सिलेंडर जब्त किया गया है. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश मिश्रा ने बताया कि कुल 136 सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप में नवहट्टा थाना में मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि इस मामले में इससे ज्यादा उन्हें कोई जानकारी नहीं है और वे पीआरओ नहीं हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




